धार में टेनिस प्रशिक्षण शिविर का भव्य आगाज

( 659 बार पढ़ी गयी)
Published on : 06 May, 26 16:05

धार में टेनिस प्रशिक्षण शिविर का भव्य आगाज

उदयपुर। धार क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को दस दिवसीय लॉन टेनिस एवं सॉफ्ट टेनिस प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। इस विशेष पहल का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्र की ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें महंगे एवं आधुनिक खेलों में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करना है।
कश्ती फाउंडेशन की संस्थापक श्रद्धा मुड़िया के मार्गदर्शन में ंकश्ती फउंडेशन लगातार ऐसे प्रयास कर रहा है जिससे ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें। इसी कड़ी में इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी आयशा बघेल द्वारा विद्यार्थियों को लॉन टेनिस एवं सॉफ्ट टेनिस का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर आयशा बघेल का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और कार्यक्रम को समारोहपूर्वक प्रारंभ किया गया। इस दौरान शारीरिक शिक्षक नीरज बत्रा के निर्देशन में विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल खेल की तकनीकी जानकारी मिल रही है, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का भी विकास हो रहा है। उम्मीद की जा रही है कि यह पहल भविष्य में विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं, एसजीएफआई राष्ट्रीय विद्यालय खेलों तथा एशियाड जैसे बड़े मंचों तक खिलाड़ियों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।यह प्रशिक्षण शिविर जनजातीय प्रतिभाओं के लिए एक नई दिशा और अवसर का द्वार खोल रहा है, जो उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में संस्था प्रधान डॉ. सत्यनारायण सुथार सहित बेला सोलंकी, जगदीश सिंह, वीना जोशी, प्रेम शंकर गवारिया, माधव लाल तेली, रेखा जॉन, रेखा टांक, सुमित्रा सेवक, ज्योति साहू, पुजा कोठारी, निकिता सेठ, पार्वती पारगी, सिद्धार्थ शर्मा, कमलेश व्यास, सरदार सिंह एवं अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों में इस प्रशिक्षण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.