श्रीगंगानगर। जिले की श्रीगंगानगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मोहनपुरा में बुधवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में ग्राम रथ अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की उपयोगी जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर ने एचपीवी (हयूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण की विस्तृत जानकारी देते हुए आह्वान किया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिये अभिभावक अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों का टीकाकरण अवश्य करवायें। अभियान के तहत सरकार द्वारा बच्चियों को नजदीकी जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है।
जिला कलक्टर द्वारा कार्यक्रम में राज्य सरकार की मंशा के अनुसार ग्राम रथ अभियान से लाभान्वित होने का आह्वान करते हुए ग्रामीणों को कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों एवं आमजन से संवाद कर राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना। जिला कलक्टर ने बताया कि ग्राम रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों तक राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत राज्य सरकार के 13 विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ प्रचार-प्रसार सामग्री एवं साहित्य का भी वितरण किया जा रहा है। इस दौरान लोक कलाकारों और कला जत्थों द्वारा कठपुतली एवं गीत-संगीत के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रचार साहित्य का भी वितरण किया गया। एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं से संबंधित वीडियो फिल्म प्रदर्शित की गई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर द्वारा जनसुनवाई करते हुए ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिये मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके पश्चात जिला कलक्टर द्वारा ग्रामीणों को नशामुक्त श्रीगंगानगर अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। नशे का कारोबार करने वालों की सूचना देने का ग्रामीणों से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आमजन नशे के खिलाफ एकजुट हों और ऐसी गतिविधियों की सूचनाएं पुलिस को उपलब्ध करवाएं। उद्यान विभाग की श्रीमती प्रीति गर्ग ने उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलवाई।
इस अवसर पर श्री आशुतोष गुप्ता, जिला परिषद सीईओ श्री गिरधर, एसडीएम श्री नयन गौतम, जल संसाधन विभाग के एसई श्री धीरज चावला, श्री हरिराम चैहान, कृषि विभाग के सहायक निदेशक श्री सुशील कुमार शर्मा, श्री अरविन्द्र सिंह, श्री पंकज सैनी, डॉ. अजय सिंगला, डाॅ. सतीश शर्मा, डाॅ. अरविन्द मित्तल, बीडीओ श्री भवरलाल स्वामी श्री आदराम, श्री विक्रम जोरा, श्री सुशील कुमार शर्मा, ग्राम पंचायत प्रशासक, तहसीलदार, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, कार्मिक एवं ग्रामीण सहित अन्य उपस्थित रहे।