श्रीगंगानगर। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा हेतु जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इस दौरान जिला कलक्टर ने गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जाए तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
बैठक में अवगत कराया गया कि जिले में किसानों द्वारा गेहूं बेचने के लिये पंजीकरण कराया गया है तथा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद की जा रही है। जिले की विभिन्न मंडियों में अब तक कुल 44,45,920 क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध 30,81,243 बैग गेहूं का उठाव (लिफ्टिंग) किया जा चुका है। यह लक्ष्य का लगभग 40.98 प्रतिशत है। जिले की प्रमुख मंडी श्रीगंगानगर में 5,43,910 क्विंटल लक्ष्य के विरुद्ध 4,31,892 बैग उठाव किया गया है, जो 39.99 प्रतिशत है। वहीं लालगढ़ (गौण मंडी) और सूरतगढ़ जैसी मंडियों में भी खरीद कार्य सुचारू रूप से जारी है। लालगढ़ में 80.69 प्रतिशत तथा सूरतगढ़ में 44.10 प्रतिशत उठाव दर्ज किया है।
इसी तरह रायसिंहनगर में 46.28 प्रतिशत, श्रीविजयनगर में 37.77 प्रतिशत तथा अनूपगढ़ में 25.90 प्रतिशत उठाव हुआ है। इसके अलावा घड़साना में 36.17 प्रतिशत, सादुलशहर में 34.10 प्रतिशत और गजसिंहपुर में 31.68 प्रतिशत उठाव दर्ज किया गया है। गौण मंडियों में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिल रही है। रामसिंहपुर (गौण मंडी) में 90.65 प्रतिशत तथा सूरतगढ़ क्षेत्र की सुखचेनपुरा (गौण मंडी) में 91.78 प्रतिशत उठाव दर्ज किया गया है, जो जिले में सर्वाधिक है। इसी प्रकार बींझबायला (गौण मंडी) में 89.47 प्रतिशत तथा 365 हेड (गौण मंडी) में 69.98 प्रतिशत उठाव किया गया है।
पदमपुर मंडी में 56.27 प्रतिशत तथा रिड़मलसर में 57.24 प्रतिशत उठाव दर्ज किया गया है। केसरीसिंहपुर और श्रीकरणपुर में क्रमशः 31.58 प्रतिशत और 46.00 प्रतिशत उठाव हुआ है। जिले में कुल बारदाना वितरण 75,19,067 के मुकाबले 30,81,243 बैग की लिफ्टिंग दर्शाती है कि खरीद कार्य के साथ-साथ भंडारण एवं परिवहन की व्यवस्था भी निरंतर की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी खरीद केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे छाया, पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। भारतीय खाद्य निगम एवं अन्य संबंधित एजेंसियों को गेहूं उठाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए ताकि खरीद केंद्रों पर अनावश्यक भंडारण की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सतर्कता श्रीमती रीना, जिला रसद अधिकारी श्रीमती कविता सिहाग, श्री महिपाल, एफसीआई सहित संबंधित खरीद एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।