जिला कलक्टर ने किया भीण्डर क्षेत्र का दौरा

( 497 बार पढ़ी गयी)
Published on : 08 May, 26 17:05

दफ्तरों का निरीक्षण, मैनार में विकास कार्यों की टोह

जिला कलक्टर ने किया भीण्डर क्षेत्र का दौरा

उदयपुर। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल शुक्रवार को भीण्डर क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं रामसर साइट मैनार का अवलोकन कर विकास का रोडमैप भी देखा। ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक में जन परिवेदनाओं के निस्तारण और योजनाओं की प्रगति की टोह ली, तो ग्राम पंचायत कुण्डई में रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। दौरे के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गति लाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

निरीक्षणः कार्यालयों की कार्यप्रणाली परखी
जिला कलक्टर ने भीण्डर में उपखण्ड कार्यालय, तहसील कार्यालय, नगरपालिका एवं पंचायत समिति परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में चल रहे कामकाज की विस्तृत जानकारी लेते हुए फाइलों के निस्तारण, आमजन से जुड़े कार्यों की गति और पारदर्शिता पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी रमेशचंद्र बहेड़िया, विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

मैनार विजिट: रामसर साइट पर विकास और संरक्षण का संतुलन
भीण्डर दौरे के दौरान कलक्टर श्री अग्रवाल ने प्रसिद्ध रामसर साइट मैनार का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों के रोडमैप का गहन अध्ययन करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्राथमिकताएं, समय-सीमा और क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। कलक्टर ने मैनार की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान को ध्यान में रखते हुए यहां होने वाले विकास कार्य पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं के विकास के साथ-साथ पक्षियों के प्राकृतिक आवास और जैव विविधता की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने मैनार में प्रवासी और स्थानीय पक्षियों की अटखेलियों का अवलोकन किया और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की।

ब्लॉक स्तरीय बैठक में योजनाओं और शिकायतों की समीक्षा
जिला कलक्टर ने पंचायत समिति मुख्यालय पर ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, अंतर-विभागीय एवं राज्य स्तरीय मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही पंचायतीराज योजनाओं की प्रगति और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का भी आकलन किया।

रात्रि चैपालः ग्रामीणों से सीधा संवाद, मौके पर समाधान के निर्देश
जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने ग्राम पंचायत कुण्डई में रात्रि चैपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया। चैपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न समस्याएं कलक्टर के समक्ष रखीं। जिला कलक्टर ने प्रत्येक परिवेदना को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए और कई मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करवाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो प्रकरण तत्काल हल नहीं हो सकते, उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही कलेक्टर ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए जागरूक रहने की अपील की और भरोसा दिलाया कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चौपाल के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद का प्रभावी मंच तैयार हुआ, जिससे कई समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल हुई।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.