आमजन की समस्याओं को सुना, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश
राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर
जैसलमेर। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत सांगड़ में आयोजित जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और उन्होंने पेयजल, विद्युत, सड़क, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, चिकित्सा, शिक्षा तथा ओरण सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी समस्याएं जिला कलक्टर के समक्ष रखीं।
परिवेदनाओं का समय पर करें निस्तारण
जिला कलक्टर ने प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशासन को गांवों तक पहुंचाकर आमजन को राहत प्रदान करना है और इसी सोच के तहत जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पात्र व्यक्ति को योजनाओं का दें लाभ
उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बनाए रखें एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करें।
बालिका शिक्षा पर दें जोर
रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को बालिका शिक्षा, एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठाएं एवं गांव के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
स्वगणना करने का दिया संदेश
जिला कलक्टर ने रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों को जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक 15 मई तक अपने स्व-गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरें, ताकि जनगणना कार्य सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण हो सके। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, जिससे योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सके।
ये रखी समस्याएं
पूर्व सरपंच सांगड़ शंभूदान भेलाणी एवं ग्रामीणजनों ने सिवाय चक भूमि को ओरण भूमि में दर्ज कराने, जल जीवन मिशन में सांगड़ एवं भेलाणी को घर-घर जल कनेक्शन से लाभान्वित करानें, आबादी विस्तार के लिए राजकीय भूमि को आबादी में हस्तांन्तरित कराने, चौधरियों की ढांणी में शमशान घाट के लिए भूमि आवंटिन कराने, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सांगड़ में अ्रं्रग्रेजी व गणित के व्याख्याता लगाने के साथ ही रितु गोदारा को राजकीय प्राथमिक विद्यालय डूंगराराम की ढांणी में लगाने के संबंध में परिवेदनाएं प्रस्तुत की।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, उपखंड अधिकारी भारत गुर्जर, विकास अधिकारी केवा राम, तहसीलदार नखत सिंह, सागड़ सरपंच श्रीमती संतोष कंवर, पूर्व सरपंच शंभू दान भेलाणी के साथ ही विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभागवार योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया। प्रारम्भ में सरपच के साथ ही अन्य गणमान्य नागरिको ने जिला कलक्टर एवं अन्य अधिकारियों का हार्दिक अभिनन्दन किया। इस मौके पर ग्राम रथ के माध्यम से सरकार योजनाओ की जानकारी दी गई एव साथ ही लोक कलाकारो द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुती दी गई।