जैसलमेर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित “ग्राम रथ अभियान-2026” जैसलमेर जिले के ग्रामीण अंचलों में जनजागरण की नई मिसाल बनता जा रहा है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा यह अभियान अब गांव-गांव में उत्साह, सहभागिता और जागरूकता का वातावरण तैयार कर रहा है।
एलईडी मोबाइल वैन से सुसज्जित ग्राम रथ जब ग्राम पंचायतों में पहुंचे तो ग्रामीणों ने पारंपरिक तिलक, माल्यार्पण, ढोल-नगाड़ों एवं उत्साहपूर्ण स्वागत के साथ उनका अभिनंदन किया। ग्राम रथों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति, लघु फिल्मों एवं जनसंदेशों के जरिए प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाई जा रही है। ग्रामीण बड़ी रुचि एवं उत्साह के साथ इन प्रस्तुतियों को देखकर सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
लोक संस्कृति के रंग में घुला जनजागरूकता का संदेश, कला जत्थों की प्रस्तुतियां बनी ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र
ग्राम रथ अभियान के साथ चल रहे लोक कलाकारों एवं कला जत्थों ने ग्रामीण परिवेश एवं स्थानीय बोली में गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए योजनाओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने न केवल मनोरंजन किया बल्कि योजनाओं की जानकारी को सहज एवं सरल रूप में ग्रामीणों तक पहुंचाने का कार्य भी किया।
ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार की प्रस्तुतियों से योजनाओं को समझना आसान हो रहा है और आमजन सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रमों में भाग लेकर जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
जैसलमेर एवं पोकरण विधानसभा क्षेत्रों में दिखा अभूतपूर्व उत्साह
शनिवार को जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत फतेहगढ़, डांगरी, मूलाणा, रासला एवं देवीकोट में ग्राम रथ पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया। वहीं पोकरण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ताड़ाना, बरडाना, अजासर, छायण द्वितीय एवं छायण में भी ग्राम रथों के पहुंचने पर उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।
कार्यक्रमों में मौजूद अधिकारियों ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के लिए लाभकारी साबित हो रहा अभियान
ग्राम रथों के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं, पशुपालकों एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने संबंधी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
अभियान के दौरान कई ऐसे ग्रामीण सामने आए जिन्हें पूर्व में योजनाओं की जानकारी नहीं थी, लेकिन अब जानकारी मिलने के बाद वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आ रहे हैं। ग्रामीणों ने ग्राम रथ अभियान को जनहितकारी, प्रभावशाली एवं गांव-गांव तक विकास की जानकारी पहुंचाने वाला अभिनव प्रयास बताते हुए इसकी सराहना की।