शायराना उदयपुर परिवार का भव्य निःशुल्क संगीत समारोह 24 मई को

( 2355 बार पढ़ी गयी)
Published on : 10 May, 26 14:05

भजन, ग़ज़ल, लोकगीत, फिल्मी गीतों और वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों से सजेगा सांस्कृतिक मंच

शायराना उदयपुर परिवार का भव्य निःशुल्क संगीत समारोह 24 मई को

उदयपुर। पिछले 15 वर्षों से संगीत और साहित्य की निःशुल्क सेवा कर रहा शायराना उदयपुर परिवार आगामी 24 मई रविवार को ऐश्वर्या कॉलेज परिसर में एक भव्य संगीत समारोह का आयोजन करने जा रहा है। इस समारोह में ख्यात संगीतकारों, अनुभवी कलाकारों एवं नवोदित प्रतिभाओं की शानदार प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इराक में भारत के सांस्कृतिक राजदूत डॉ. धीरज प्रकाश जोशी होंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त गीतेशश्री मालवीया, टीआरआई सांख्यिकी निर्देशक सुधीर दवे तथा “शहीद गाथा” वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर मनोज आंचलिया उपस्थित रहेंगे।

समारोह में भजन, मुर्कियां, ग़ज़ल, लोकगीत, फिल्मी गीतों एवं वाद्य यंत्रों की रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उदयपुर सहित डूंगरपुर, राजसमंद, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, कांकरोली, प्रतापगढ़ और खेरवाड़ा सहित कई जिलों से कलाकार इसमें भाग लेने पहुंचेंगे।

कार्यक्रम प्रभारी ललित गोयल ने बताया कि युवाओं का रुझान लगातार शायराना उदयपुर परिवार के संगीत आयोजनों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले आयोजन में युवा कलाकार हेमराज गंधर्व ने गिटार और गायकी के माध्यम से प्रथम स्थान प्राप्त कर युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की थी।

समारोह में संगीत के विशेषज्ञ कलाकार प्रतिभागियों को गायन और संगीत की बारीकियों से भी अवगत कराएंगे। साथ ही श्रेष्ठ गायकों और कलाकारों का चयन कर उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद् डॉ. सीमा सिंह करेंगी, जो दिग्गज कलाकार फयाज खान की संगत में अपनी विशेष प्रयोगात्मक गायकी भी प्रस्तुत करेंगी।

कार्यक्रम समन्वयक आभा सिरसीकर ने बताया कि आगामी म्यूजिक फेस्टिवल की जानकारी भी इस अवसर पर साझा की जाएगी, जिससे युवाओं को संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिल सकेंगे।

महिला प्रतिभागियों के लिए “लता-आशा स्पेशल” युगल गीत प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के अलावा आमजन भी अपनी प्रस्तुतियां मंच पर दे सकेंगे।

कार्यक्रम में प्रवेश हेतु निःशुल्क पंजीकरण किया जा रहा है। प्रवेश सुबह 10 बजे से दिया जाएगा तथा 10:45 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। कलाकारों को प्रस्तुति का अवसर “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रदान किया जाएगा।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.