असम राइफल्स ने जयपुर में आयोजित पूर्व सैनिक रैली में पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों का सम्मान किया

( 1049 बार पढ़ी गयी)
Published on : 10 May, 26 18:05

असम राइफल्स ने जयपुर में आयोजित पूर्व सैनिक रैली में पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों का सम्मान किया

      असम राइफल्स ने 10 मई 2026 को मुख्यालय महानिदेशक असम राइफल्स (HQ DGAR) के तत्वावधान में बी.एम. बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में एक पूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया। यह आयोजन पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण और सम्मान के प्रति बल की अटूट प्रतिबद्धता को पुनः दर्शाता है।

 

      इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजर जनरल जय सिंह बैंसला, एसएम, अडिशनल महानिदेशक, असम राइफल्स ने की। रैली में हरियाणा एवं राजस्थान से 700 से अधिक पूर्व सैनिकों ने भाग लिया, जो बल और उसके पूर्व सैनिक परिवार के बीच गहरे संबंधों को दर्शाता है।

 

      रैली के दौरान आठ वीर नारियों एवं छह वीरता पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्र के प्रति उनके बलिदान, साहस एवं उत्कृष्ट सेवा के सम्मान में सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने पूर्व सैनिकों से संवाद किया तथा बल की सुरक्षा एवं गौरवशाली विरासत में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।

 

      कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लाभ हेतु अनेक कल्याणकारी गतिविधियों एवं जागरूकता अभियानों का आयोजन किया गया। पेंशन संबंधी मामलों, ईसीएचएस सुविधाओं, शिकायत निवारण, दस्तावेजी सहायता एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में सहायता प्रदान करने हेतु विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए। इसके अतिरिक्त चिकित्सा परामर्श तथा पुनर्वास एवं कल्याण संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

 

      यह रैली असम राइफल्स के चल रहे आउटरीच कार्यक्रम का हिस्सा थी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं आश्रितों से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करना है तथा जहाँ संभव हो, उनका मौके पर ही निवारण करना है। कार्यक्रम का उद्देश्य शय्याग्रस्त पूर्व सैनिकों एवं निकट संबंधियों (NOKs) तक पहुँचकर उनके कल्याण एवं सहयोग को सुनिश्चित करना भी है। आवश्यकता के अनुसार मामलों के आधार पर आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है।

 

      इस पहल के अंतर्गत अब तक असम राइफल्स की टीमों ने 17 राज्यों में 44 स्थानों का दौरा किया है तथा कुल 8,992 पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं आश्रितों से संवाद किया है। इसके अतिरिक्त 66 शय्याग्रस्त पूर्व सैनिकों एवं निकट संबंधियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें सहायता प्रदान की गई है।

 

यह रैली सेवारत असम राइफल्स कर्मियों एवं पूर्व सैनिकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच भी सिद्ध हुई, जिससे सुझावों का आदान-प्रदान, समस्याओं का समाधान एवं संस्थागत संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिली।

 

      मेजर जनरल जय सिंह बैंसला, एसएम, अडिशनल महानिदेशक, असम राइफल्स तथा श्रीमती ऋतु बैंसला, उपाध्यक्ष, असम राइफल्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन ने पूर्व सैनिक समुदाय एवं वीर नारियों के प्रति निरंतर सहयोग एवं देखभाल सुनिश्चित करने हेतु बल की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।

 

      कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ तथा इस आश्वासन को पुनः व्यक्त किया गया कि असम राइफल्स अपने पूर्व सैनिकों के कल्याण एवं सम्मान को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें असम राइफल्स परिवार का अभिन्न अंग मानती रहेगी।

 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.