सीआई रामस्वरूप मीणा की बड़ी कार्यवाही

( 505 बार पढ़ी गयी)
Published on : 12 May, 26 18:05

फैक्ट्री पार्टनरशिप के नाम पर महिला से 41 लाख की ठगी, शातिर आरोपी गिरफ्तार

कोटा। कोटा सिटी एसपी  तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना रेलवे कॉलोनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फैक्ट्री पार्टनरशिप के नाम पर महिला से करीब 41 लाख 48 हजार रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दिलीप कुमार सैनी तथा वृत्ताधिकारी द्वितीय डॉ. पुनम के सुपरविजन में थाना रेलवे कॉलोनी के थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं वित्तीय अनुसंधान के जरिए इस बड़े आर्थिक अपराध का खुलासा किया।
ऐसे रचा गया ठगी का पूरा खेल
परिवादिया वर्षा भारती निवासी कैलाशपुरी, रंगपुर रोड, कोटा ने 2 मार्च 2026 को थाना रेलवे कॉलोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी मोहम्मद फहीम ने कोटा स्टोन कटिंग एवं पॉलिश फैक्ट्री में पार्टनरशिप कराने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिये।
आरोपी ने महिला और उसके पति को रामगंजमंडी रोड स्थित एक फैक्ट्री दिखाकर खुद को फैक्ट्री मालिक का करीबी बताते हुए सौदा तय कराया। आरोपी ने फैक्ट्री की कीमत 32 लाख 70 हजार रुपये बताई और पार्टनरशिप के नाम पर “वर्षा स्टोन इंडस्ट्रीज” फर्म बनवाकर बैंक खाता खुलवाया।
इसके बाद आरोपी ने धीरे-धीरे ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नकद राशि के जरिए रकम लेना शुरू कर दिया। महिला द्वारा एग्रीमेंट की मांग करने पर आरोपी ने पुराने परिचय का हवाला देकर भरोसा दिलाया और कई बार सौदा रद्द होने का डर दिखाकर नकद रकम भी वसूल ली।
ऑनलाइन और नकद दोनों माध्यमों से वसूली
जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला से ऑनलाइन माध्यम से लगभग 27 लाख 13 हजार रुपये तथा नकद रूप से करीब 14 लाख 35 हजार रुपये हासिल किए। कुल मिलाकर आरोपी ने 41 लाख 48 हजार रुपये की ठगी की।
महिला ने आरोप लगाया कि रकम वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
बैंक खातों और कॉल रिकॉर्ड से जुटाए साक्ष्य
पुलिस टीम ने एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक समेत विभिन्न खातों के ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड खंगाले। आरोपी और उसके सहयोगियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी जुटाई गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई अन्य खातों के माध्यम से भी बड़ी मात्रा में राशि ट्रांसफर करवाई थी।
गहन पूछताछ में आरोपी मोहम्मद फहीम ने परिवादिया से रुपये लेना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि कोटा स्टोन कारोबार में घाटा होने के कारण उसने यह रकम ली थी।
पुलिस ने आरोपी को 10 मई 2026 को गिरफ्तार किया। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना रेलवे कॉलोनी पुलिस की तकनीकी जांच, बैंकिंग रिकॉर्ड विश्लेषण और वित्तीय अनुसंधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिससे लाखों रुपये की ठगी का पर्दाफाश हो सका।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.