उदयपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी परीक्षा को रद्द कर दिया है। एजेंसी ने कहा कि जांच एजेंसियों से प्राप्त रिपोर्ट और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े गंभीर इनपुट के बाद परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना जरूरी हो गया था।
एजुकेशन काउंसलर विकास छाजेड़ ने बताया की एनटीए द्वारा अब नीट यूजी 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी जल्द ही एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों से जारी की जाएगी।
छात्रों को नहीं करना होगा नया आवेदन, जमा फीस वापस
एनटीए ने छात्रों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए नया आवेदन नहीं करना होगा। मई 2026 सत्र के दौरान जमा किया गया आवेदन डेटा, उम्मीदवार की जानकारी और परीक्षा केंद्र विकल्प स्वतः मान्य रहेंगे।
इसके साथ ही छात्रों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। एजेंसी ने बताया कि पहले जमा की गई फीस विद्यार्थियों को वापस की जाएगी और परीक्षा दोबारा एनटीए के आंतरिक संसाधनों के माध्यम से आयोजित होगी।
CBI को सौंपी गई जांच
केंद्र सरकार ने पूरे मामले की व्यापक जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने का निर्णय लिया है। एनटीए ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को सभी दस्तावेज, रिकॉर्ड और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएगी तथा जांच में पूरा सहयोग करेगी।
एजेंसी ने स्वीकार किया कि दोबारा परीक्षा आयोजित करने से छात्रों और अभिभावकों को असुविधा होगी, लेकिन परीक्षा प्रणाली पर विश्वास बनाए रखने के लिए यह फैसला आवश्यक था।
2024 में भी सामने आया था पेपर लीक विवाद
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में भी नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक विवादों में घिर गई थी। 5 मई 2024 को आयोजित परीक्षा के बाद 6 मई को एनटीए ने पेपर लीक की बात से इनकार किया था, लेकिन बाद में बिहार के पटना और झारखंड के हजारीबाग में हुई जांच में पेपर लीक के सबूत सामने आए थे और कई गिरफ्तारियां भी हुई थीं।
हालांकि, उस समय सुप्रीम कोर्ट ने पूरी परीक्षा रद्द करने से इनकार कर दिया था। केवल कुछ परीक्षा केंद्रों पर 1539 अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा करवाई गई थी। उस वर्ष 67 छात्रों को 720 में से 720 अंक मिलने और एक ही परीक्षा केंद्र से कई टॉपर्स सामने आने को लेकर भी बड़ा विवाद खड़ा हुआ था।
केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील
एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों से बचें तथा केवल एनटीए के आधिकारिक चैनलों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।