ग्रामीण रथ बना गांव-गांव में विकास और जागरूकता का उत्सव

( 530 बार पढ़ी गयी)
Published on : 12 May, 26 18:05

ग्रामीण रथ बना गांव-गांव में विकास और जागरूकता का उत्सव

           जैसलमेर। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण अंचलों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित एलईडी मोबाइल वैन आधारित “ग्रामीण रथ अभियान” जिले के ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रहा है। गांव-गांव पहुंच रहा यह ग्रामीण रथ अब केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि जागरूकता और विकास का चलता-फिरता उत्सव बन गया है।

       जैसे ही ग्रामीण रथ गांवों में पहुंच रहा है, वहां उत्साह और उमंग का वातावरण दिखाई दे रहा है। ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ रथ का स्वागत कर रहे हैं तथा महिलाएं, किसान, पशुपालक एवं युवा बड़ी रुचि के साथ एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देख रहे हैं।

मंगलवार को जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवा, सुल्ताना, जवाहरनगर, शास्त्रीनगर एवं बाहला तथा पोकरण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत आकल का पांचे का तला, खारिया, भारेवाला, आकल का तला एवं ढाकलवाला में ग्रामीण रथ पहुंचा। रथ के पहुंचते ही गांवों में मेले जैसा माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण योजनाओं की जानकारी लेने के लिए एकत्रित हुए।

        ग्रामीण रथ के माध्यम से कृषि, पशुपालन, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं का ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतीकरण किया गया। योजनाओं की सरल एवं आकर्षक प्रस्तुति ने ग्रामीणों को विशेष रूप से प्रभावित किया। अधिकारियों ने पात्र लोगों को योजनाओं में पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

      विकास अधिकारियों, तहसीलदारों एवं विभिन्न विभागों के कार्मिकों ने मौके पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी एवं कई पात्र व्यक्तियों के आवेदन भी तैयार करवाए। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार की पहल से अब योजनाओं की जानकारी सीधे गांव तक पहुंच रही है और आमजन को सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी हो रही है।

      राज्य सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा विकास की रोशनी हर घर तक पहुंचे। ग्रामीण रथ अभियान इसी सोच को साकार करते हुए जिले के दूरस्थ गांवों तक जागरूकता और विश्वास का संदेश पहुंचा रहा है। आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.