उदयपुर। दक्षिण राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देते हुए पिम्स सिटी हॉस्पिटल में पहली एवं एकमात्र अत्याधुनिक DIGITAL PET CT Scan मशीन का शुभारंभ किया गया। यह मशीन 0.1 एमएम की सटीकता के साथ जांच करने में कारगर है, जिससे कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक एवं अत्यंत सटीक निदान संभव हो सकेगा।
इस अत्याधुनिक मशीन का उद्घाटन लीला देवी अग्रवाल, चेयरमैन आशीष अग्रवाल, चेयरपर्सन शीतल अग्रवाल एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नमन अग्रवाल द्वारा किया गया। इस दौरान अनुभवी कैंसर विशेषज्ञों की टीम भी उपस्थित रही, जिनमें डॉ. कुरैश भंभोरा, डॉ. सुमित अग्रवाल, ममता लोढा एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जे.के. छापरवाल मौजूद रहे
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि यह अत्याधुनिक तकनीक मरीजों के बडे महानगरों में जाने की आवश्यकता को काफी हद तक कम करेगी तथा उदयपुर एवं दक्षिण राजस्थान के मरीजों को अब विश्वस्तरीय जांच सुविधा अपने शहर में ही उपलब्ध हो सकेगी। यह सुविधा आरजीएचएस एवं भामाशाह योजना के तहत भी उपलब्ध रहेगी, जिससे अधिक से अधिक मरीजों को आधुनिक जांच सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
DIGITAL PET CT Scan तकनीक शरीर के अंदर मौजूद असामान्य कोशिकाओं और कैंसर की स्थिति का अत्यंत सूक्ष्म स्तर पर पता लगाने में सहायक होती है। नई मशीन की मदद से डॉक्टर बीमारी की सही अवस्था का आकलन कर बेहतर एवं त्वरित उपचार योजना बना सकेंगे।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी नमन अग्रवाल ने कहा कि यह सुविधा न केवल दक्षिण राजस्थान बल्कि आसपास के जिलों एवं राज्यों के मरीजों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। सभी अतिथियों एवं चिकित्सकों ने इस नई सुविधा को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।