गीतांजलि हॉस्पिटल में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया

( 1059 बार पढ़ी गयी)
Published on : 13 May, 26 15:05

गीतांजलि हॉस्पिटल में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया

गीतांजलि हॉस्पिटल के ऑडिटोरियम में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में अंकित अग्रवाल, राकेश कुमार व्यास, ऋषि कपूर, संदीप कुणावत, डॉ. हरप्रीत सिंह, डॉ. राजीव पंड्या, डॉ. एम. बालाजी, डॉ. विजयम्मा अजमेरा एवं विजेंद्र सिंह राठौर सहित अस्पताल प्रबंधन, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की विशेष उपस्थिति रही।


इस अवसर पर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल ने कहा कि गीतांजलि हॉस्पिटल की सफलता के पीछे नर्सिंग स्टाफ की मेहनत, समर्पण और सेवा भावना का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि उदयपुर से लेकर जयपुर एवं देश के अन्य राज्यों तक संस्थान की जो पहचान बनी है, उसमें नर्सिंग कर्मियों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ की कार्यशैली, अनुशासन एवं सेवा गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि इसकी तुलना अंतरराष्ट्रीय स्तर से की जा सकती है।

उन्होंने विशेष रूप से महिला नर्सिंग स्टाफ के समर्पण को नमन करते हुए कहा कि वे पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ दिन-रात सेवा कार्य कर रही हैं, जो अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में नर्सिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध प्रशिक्षण एवं कोर्सेस को और अधिक उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जाएगा, ताकि वे आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के अनुरूप और अधिक दक्ष बन सकें।

वाइस चांसलर राकेश कुमार व्यास ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और अपनत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब नर्सिंग स्टाफ एक-दूसरे को भाई-बहन की भावना से देखता है, तब कार्यस्थल पर पारिवारिक वातावरण बनता है, जिससे सहयोग, विश्वास एवं सम्मान की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक माहौल का सीधा प्रभाव मरीजों की बेहतर देखभाल एवं संस्थान की सेवा गुणवत्ता पर पड़ता है।

सीईओ ऋषि कपूर ने कहा कि विश्व नर्सिंग दिवस समर्पण, सेवा भावना एवं संवेदनशीलता को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ को अस्पताल की आत्मा बताते हुए कहा कि मरीजों को उपचार के साथ मानसिक संबल देने की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नर्सिंग टीम निभाती है। उन्होंने कहा कि गीतांजलि हॉस्पिटल में नर्सिंग इंपावरमेंट को प्राथमिकता देते हुए स्किल्स, कार्य नीति एवं रिकॉग्निशन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन आधुनिक तकनीकों, एडवांस मेडिकल ट्रेनिंग एवं सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

चीफ नर्सिंग ऑफिसर विजेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि “नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, संवेदनशीलता और विश्वास की सबसे मजबूत पहचान है।”

इस अवसर पर गीतांजलि कॉलेज एंड स्कूल ऑफ नर्सिंग द्वारा अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस 2026 के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर एवं “बायोफ्यूज़न” थीम पर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान शिविर में कुल 116 यूनिट रक्तदान किया गया। इसका उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना था।

इसके साथ ही विद्यार्थियों की नवाचार क्षमता एवं वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “बायोफ्यूज़न” थीम पर प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों को उपस्थित अतिथियों एवं जनसमूह द्वारा काफी सराहा गया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.