ग्राम रथ अभियान बना ग्रामीण जनजागरण की नई पहचान

( 474 बार पढ़ी गयी)
Published on : 13 May, 26 17:05

एलईडी वैन, लोक संस्कृति और जनसंवाद के संग गांव-गांव पहुंच रही योजनाओं की रोशनी

ग्राम रथ अभियान बना ग्रामीण जनजागरण की नई पहचान

            जैसलमेर । राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण अंचलों तक जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “ग्राम रथ अभियान-2026” अब जनजागरण का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। एलईडी मोबाइल वैन, लोक संस्कृति एवं जनसंवाद के समन्वय से यह अभियान गांव-गांव में नई चेतना एवं जागरूकता का संचार कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रहे ग्राम रथों के प्रति आमजन में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है एवं लोग योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठाने के लिए आगे आ रहे हैं।

         ग्राम रथों के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनसेवाओं की जानकारी आधुनिक ऑडियो-वीडियो तकनीक के जरिए सरल एवं आकर्षक रूप में ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित लघु फिल्में, जनसंदेश एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी को ग्रामीण रुचिपूर्वक देख रहे हैं। गांवों में महिलाएं, किसान, युवा एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेकर योजनाओं के प्रति जागरूक हो रहे हैं।

          लोक संस्कृति के रंग में घुला जनकल्याण का संदेश, गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से योजनाओं को मिल रही नई पहचान

            ग्राम रथ अभियान के साथ चल रहे कला जत्थों द्वारा स्थानीय भाषा एवं लोक संस्कृति के माध्यम से योजनाओं का संदेश प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। लोक कलाकार गीत-संगीत, नुक्कड़ प्रस्तुतियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए सरकार की योजनाओं को सहज एवं रोचक रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। लोक कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियां ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

            ग्रामीणों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से योजनाओं को समझना अधिक सरल एवं प्रभावशाली हो गया है। गांवों में लोक संस्कृति और जनजागरूकता का यह संगम उत्सव जैसा वातावरण बना रहा है।

ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक स्वागत से हुआ ग्राम रथों का अभिनंदन, जैसलमेर एवं पोकरण विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में उमड़ा उत्साह

 

              बुधवार, 13 मई को जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बड़ाबाग, मूलसागर, दरबारी का गांव एवं डाबला में ग्राम रथ पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों एवं पारंपरिक स्वागत के साथ ग्राम रथों का भव्य अभिनंदन किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिकाधिक लाभ उठाएं।

           इसी प्रकार पोकरण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सादा, डिडाणिया, धूड़सर एवं भाखरानी में ग्राम रथ पहुंचने पर पूरे गांव में उत्साह एवं उत्सव का माहौल दिखाई दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रमों में भाग लेकर योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं पशुपालकों को मिल रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी

         ग्राम रथ अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किसानों, महिलाओं, युवाओं, पशुपालकों एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मौके पर ही उपलब्ध करवाई जा रही है। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन संबंधी जानकारी भी दी जा रही है।

           अभियान के दौरान कई ग्रामीण ऐसे भी सामने आए जिन्हें पूर्व में योजनाओं की जानकारी नहीं थी, लेकिन ग्राम रथ अभियान के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर अब वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आ रहे हैं। ग्रामीणों ने अभियान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने वाला प्रभावशाली एवं जनहितकारी प्रयास बताया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.