जैसलमेर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित एलईडी मोबाइल वैन आधारित ग्राम रथ अभियान गांव-गांव जागरूकता का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। ग्राम पंचायतों में पहुंच रहे इन रथों के प्रति ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है तथा लोग बड़ी संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
गुरुवार को जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत छोड़, कोलूतला, आसूतार एवं बंधा में ग्राम रथ पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों एवं पारंपरिक स्वागत के साथ अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियों को रुचिपूर्वक देखा तथा विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं लाभकारी कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। वहीं अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इसी प्रकार पोकरण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाबूपाड़िया बांकना, शहीद रायअलीपुर, बड़ली नाथूसर एवं जसवंतपुरा में ग्राम रथ पहुंचने पर उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दिया। महिलाओं, युवाओं, किसानों एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी लेने में विशेष रुचि दिखाई।
ग्राम रथ अभियान की विशेषता यह भी है कि इसमें स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा कलाजत्था प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार स्थानीय भाषा एवं संस्कृति के अनुरूप किया जा रहा है, जिससे आमजन सहजता से योजनाओं को समझ पा रहे हैं। यह पहल ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित भी कर रही है।
अभियान के दौरान किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम रथ अभियान को जनहितकारी पहल बताते हुए इसकी सराहना की तथा इसे गांवों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।