जैसलमेर। प्रदेशभर में 25 मई से प्रारंभ होने वाले “वंदे गागा जल संरक्षण जन अभियान-2026” ( 25 मई से 5 जून 2026 तक )के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों, विभागीय समन्वय एवं जनभागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में मुख्य सचिव ने सभी जिलों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल संरचनाओं के पुनर्जीवन एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण संकल्प है, इसलिए प्रत्येक विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाए।
जिला मुख्यालय जैसलमेर में आयोजित वर्चुअल बैठक में जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड कौशल पालीवाल, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, महिला एवं बाल विकास विभाग उपनिदेशक अशोक गोयल, मुख्य वैज्ञानिक भू-जल विभाग डॉ. नारायण दास इणखियां तथा सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअली उपस्थित रहे।
बैठक में अभियान के तहत जल संरक्षण गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार, ग्राम स्तर तक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, श्रमदान, पौधारोपण एवं जल स्रोतों के संरक्षण कार्यों में जनसहभागिता बढ़ाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही विभागवार कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समयसीमा में गतिविधियों के क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।