सरकार की योजनाओं का चलता-फिरता सूचना केंद्र बना ग्राम रथ अभियान

( 450 बार पढ़ी गयी)
Published on : 15 May, 26 17:05

कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण परिवारों को योजनाओं से जोड़ने की अभिनव पहल

सरकार की योजनाओं का चलता-फिरता सूचना केंद्र बना ग्राम रथ अभियान

           जैसलमेर, 15 मई। राज्य सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा ग्राम रथ अभियान ग्रामीण अंचलों में प्रभावी जनसंपर्क एवं जनजागरूकता का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है।

           अभियान के तहत शुक्रवार को पंचायत समिति जैसलमेर की ग्राम पंचायत शाहगढ़, हरनाउ, धनाना एवं बलीदाद की बस्ती तथा पंचायत समिति सांकड़ा की ग्राम पंचायत किशनपुरा मु. थाट, नानाणियाई, ओढ़ाणियां एवं चाचा में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।

          ग्राम रथ के गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साह, आत्मीयता एवं पारंपरिक स्वागत के साथ अभियान का अभिनंदन किया। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों एवं लोक परंपराओं के साथ ग्राम रथ का स्वागत कर सरकार की इस पहल के प्रति सकारात्मक भावना व्यक्त की। ग्रामीण महिलाओं, युवाओं, किसानों एवं पशुपालकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

         अभियान के दौरान एलईडी स्क्रीन, ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, कृषि विकास कार्यक्रमों, पशुपालन प्रोत्साहन योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला एवं बाल विकास योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों तथा स्वरोजगार संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

         ग्रामीणों ने विशेष रुचि के साथ योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा सरकार द्वारा तकनीकी एवं दृश्य माध्यमों से दी जा रही जानकारी को अत्यंत उपयोगी बताया। ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से उन्हें पहली बार विभिन्न योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज रूप में एक ही स्थान पर प्राप्त हो रही है, जिससे योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।

         इस अवसर पर मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान के बारे में भी ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यह अभियान जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल पर केंद्रित है, जिसका उद्देश्य गांवों एवं शहरी वार्डों में समग्र, संतुलित एवं सतत विकास सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने, जनसहभागिता बढ़ाने तथा गांवों को आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

            ग्रामीणों को स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया। अभियान के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया, जिससे ग्रामीणों में सरकार के प्रति विश्वास और सहभागिता की भावना मजबूत होती दिखाई दी।

          ग्राम रथ अभियान वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी सेतु बनकर उभर रहा है। इस अभियान के माध्यम से जहां एक ओर योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंच रही है, वहीं दूसरी ओर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करने की दिशा में भी सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.