राष्ट्रीय लेक्रोज फेडरेशन कप में राजस्थान का दमदार प्रदर्शन

( 488 बार पढ़ी गयी)
Published on : 15 May, 26 18:05

 महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में रजत पदक जीत प्रदेश का बढ़ाया मान

राष्ट्रीय लेक्रोज फेडरेशन कप में राजस्थान का दमदार प्रदर्शन

उदयपुर। सुंदरनगर, हिमाचल प्रदेश में आयोजित तृतीय राष्ट्रीय लेक्रोज फेडरेशन कप प्रतियोगिता में राजस्थान की महिला एवं पुरुष दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में राजस्थान टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन खेल, अनुशासन और संघर्ष का परिचय देते हुए लगातार जीत दर्ज कर फाइनल तक का सफर तय किया। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अंतिम क्षण तक शानदार संघर्ष किया और राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान को नई पहचान दिलाई।
राजस्थान टीम में शामिल उदयपुर संभाग के जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से सभी का ध्यान आकर्षित किया। महिला वर्ग में टीम की कप्तान सुनीता मीणा तथा पुरुष वर्ग में कप्तान मोहनलाल गमेती के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। टीम की सफलता के पीछे प्रशिक्षक नीरज बत्रा का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण से खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता से उदयपुर पहुंचने पर राजस्थान टीम का संभागीय आयुक्त एवं लेक्रोज प्रवर्तक प्रज्ञा केवलरमानी, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं शहरवासियों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। खिलाड़ियों का फूल-मालाओं, साफा एवं तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में खेल प्रेमियों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जनजातीय अंचल के खिलाड़ी आज राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
ओलंपिक खेल लेक्रोज में राजस्थान माइन्स एंड मिनिरल्स लिमिटेड (आरएसएमएमएल) द्वारा प्रायोजित राजस्थान टीम पिछले कई वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर शानदार प्रदर्शन कर रही है। राजस्थान की महिला एवं पुरुष दोनों टीमें लगातार तीसरे वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के फाइनल तक पहुंचकर प्रदेश में लेक्रोज खेल के बढ़ते स्तर को दर्शा रही हैं। खास बात यह रही कि टीम में अधिकांश खिलाड़ी उदयपुर एवं आसपास के जनजातीय क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में अभ्यास कर यह मुकाम हासिल किया है।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र की प्रतिभाएं आज पूरे देश में राजस्थान का नाम रोशन कर रही हैं और सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा है। वहीं उदयपुर ग्रामीण विधायक डॉ. फूल सिंह मीणा, गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती एवं वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले समय में राजस्थान टीम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम सफलता प्राप्त करेगी।
समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़, पुष्कर तेली, मनोज जोशी, कश्ती फाउंडेशन की श्रद्धा मुड़िया, राजस्थान लेक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी एवं संघ की सम्पूर्ण कार्यकारिणी ने भी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि राजस्थान में लेक्रोज खेल तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में यह खेल प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगा। जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर खेल जगत में नई पहचान बना रहे हैं।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.