प्रतिभावान सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का हुआ सम्मान

( 819 बार पढ़ी गयी)
Published on : 16 May, 26 16:05

’शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्धारित करती है- विधायक फूल सिंह मीणा

प्रतिभावान सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का हुआ सम्मान

उदयपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयाखेड़ा में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दुर्गेश मेनारिया के मार्गदर्शन में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों के सम्मान में एक गरिमामय “प्रतिभावान सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य किरण बाला जीनगर बताया कि बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में  पूनम गमेती, भरत खेर, दिव्या जाट, भारती कुमारी मीणा एवं हिमांशु खेर सहित 20 विद्यार्थियों को उपरणा,  प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अभिभावकों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षकों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का भी अभिनंदन किया गया।
विद्यालय में सर्वाधिक अंक पूनम गमेती ने 81.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विधायक फूलसिंह मीणा द्वारा संचालित प्रेरणादायी योजना के अंतर्गत पूनम गमेती को हवाई यात्रा द्वारा जयपुर ले जाया जाएगा जिससे छात्रा को नवीन अनुभवों एवं व्यापक दृष्टिकोण का लाभ प्राप्त होगा।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक फूल सिंह मीणा ने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्धारित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी यदि दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे सशक्त साधन है। पूर्व प्रधान तख्त सिंह ने कहा कि जिस विद्यालय में सपनों को दिशा और परिश्रम को सम्मान मिलता है, वहीं से भविष्य के श्रेष्ठ नागरिक तैयार होते हैं।
विधायक ने विद्यालय की प्रधानाचार्य किरण बाला जीनगर द्वारा विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन हेतु उठाए गए अभिनव कदमों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य द्वारा यह घोषणा की गई थी कि जो विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें प्रधानाचार्य की ओर से स्नेह भोज कराया जाएगा तथा पर्यटन स्थल की यात्रा भी करवाई जाएगी। प्रधानाचार्य ने अपने इस वचन को पूर्ण करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरणा एवं प्रोत्साहन प्रदान किया, जिसकी विधायक महोदय ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे एक अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी पहल बताया।विद्यार्थी दिव्या जाट ने पर्यटन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इसी अवसर पर विद्यालय की दो शिक्षिकाओं धारेश्वरी गौड़ एवं निशा कुमावत का भावपूर्ण सेवानिवृत्ति समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें उनके समस्त परिवारजनों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन स्वस्ति गोस्वामी द्वारा प्रभावपूर्ण ढंग से किया गया, जबकि अभिनंदन पत्र का वाचन सीमा गुप्ता ने किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में अग्रणी भूमिका निभाते हुए कुंदन लाल तेली ने समस्त व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। कैलाश चंद्र जोशी, यशपाल सोलंकी, लोकेश मेनारिया, आशा जोशी, अनिल जीनगर, नीता पूर्बिया, शाहीना बानू सिंधी, हरीशचंद्र तेली, रंजू रेगर, उर्मिला सुखवाल, शशिकला आमेटा, इंद्रा मीणा, स्नेहलता नागौरी, प्रतिभा पानेरी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने पूर्ण सहयोग एवं समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह, प्रेरणा एवं गौरव से ओत-प्रोत रहा।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि महामंत्री परविंदर सिंह, लोगर जी, सरपंच रामलाल जी गमेती, उपसरपंच मोहन सिंह सोलंकी, किसान मोर्चा अध्यक्ष किशन सहित एसडीएमसी के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्रधान तख्त सिंह शक्तावत ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षा विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक शिव जी गौड़ उपस्थित रहे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.