उदयपुर। संगीत के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रही सुरों की मंडली संस्था, उदयपुर की ओर से एक और अनूठे एवं आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
संस्था में पहली बार विशेष युगल गीत संध्या आयोजित होगी, जिसमें संस्था के पुरुष एवं महिला गायक आज रविवार 17 मई को अशोका ग्रीन, शोभागपुरा में एक साथ मंच पर रोमांटिक, भावपूर्ण एवं मधुर गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देंगे।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि सुरों की मंडली केवल एक संगीत मंच नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को पहचान, सम्मान एवं आगे बढ़ने का अवसर देने वाला एक सशक्त परिवार बन चुकी है।
उन्होंने बताया कि संस्था लगातार नवाचार, अनुशासन एवं भव्य आयोजनों के माध्यम से संगीत प्रेमियों के बीच अपनी अलग पहचान स्थापित कर रही है। युगल गीत संध्या का यह आयोजन भी संस्था की रचनात्मक सोच एवं कलाकारों को नए अवसर प्रदान करने की भावना का प्रतीक है।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी संस्था की महिला विंग ने ली है, जिसमें मधु केवल्या, दिव्या सारस्वत एवं नूतन वेदी विशेष रूप से तैयारियों में जुटी हुई हैं। महिला विंग द्वारा संस्था के सभी सदस्यों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया है।
संस्था के सचिव अरुण चौबीसा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य कलाकारों को नई थीम एवं नए मंच पर प्रस्तुति का अवसर देना है, जिससे संस्था के कलाकारों की प्रतिभा और अधिक निखरकर सामने आए।
कोषाध्यक्ष योगेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि इस आयोजन से संस्था के कलाकारों में आपसी सामंजस्य, सहयोग एवं संगीत के प्रति समर्पण और अधिक मजबूत होगा।