सीआई रामकिशन गोदारा की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार सहित 10 असामाजिक तत्व गिरफ्तार

( 629 बार पढ़ी गयी)
Published on : 17 May, 26 18:05

के डी अब्बासी 

सीआई रामकिशन गोदारा की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार सहित 10 असामाजिक तत्व गिरफ्तार

कोटा। शहर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन विशेष अभियान के तहत  भीमगंजमण्डी थाना प्रभारी रामकिशन गोदारा ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया, वहीं 10 अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को निरोधात्मक कार्रवाई में पकड़ा गया।
कोटा सिटी पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शहर में अवैध गतिविधियों, अवैध हथियारों, मादक पदार्थों, वांछित अपराधियों, वारंटियों तथा हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चन्द मिश्रा के निर्देशन तथा उप अधीक्षक डॉ. पूनम चौहान के सुपरविजन में संचालित किया गया।
थानाधिकारी रामकिशन गोदारा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए माचिस फैक्ट्री डडवाड़ा निवासी 19 वर्षीय इन्द्र सिंह को तेज धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया।
इसके अलावा पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत 10 अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया। इनमें रंगपुर पुलिया क्षेत्र, तांगे वाली गली, नेहरू नगर और मस्जिद गली क्षेत्र के कई आरोपी शामिल हैं।
पुलिस कार्रवाई में उप निरीक्षक राजकुमार, रविन्द्र सिंह, हरदेव सिंह, सिराजुद्दीन, बुद्धीप्रकाश, किशनगोपाल, सियाराम, हरपाल, हेड कांस्टेबल श्यामसुन्दर, कांस्टेबल लोकेश, अम्बाराम सहित कालिका टीम एवं एसटीएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.