कोटा में 60 लाख की अवैध शराब ट्रक से बरामद
उदयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेष जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत एक्शन मोड में अवैध शराब की तस्करी पर कार्रवाई की जा रही है जिसके तहत कोटा में नाकाबंदी कर एक ट्रक की तलाशी लेने पर 60 लाख की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व हनुमानगढ़, उदयपुर एवं जोधपुर में भी ट्रकों से अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की गई है। आबकारी विभाग की कार्रवाई से प्रदेश में अन्य राज्य की शराब तस्करी पर रोक लगाने एवं राजस्व क्षति को रोकने में सहायता मिलेगी।
1360 कार्टन में 65280 पव्वे बरामद
अतिरिक्त आयुक्त कोटा जोन नरेश कुमार मालव ने बताया कि आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में अवैध शराब के विरूद्ध गश्त, नाकाबंदी एवं दबिश की कार्रवाई जारी है। इसी के तहत मुखबिर की सूचना पर कोटा में रविवार रात्रि नेशनल हाईवे 52 नया टोल प्लाजा गोपालपुरा के समीप नाकाबंदी के तहत ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर टाट की बोरियों के नीचे कार्टन में छुपाकर रखी गई फोर सेल इन चंडीगढ़ शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। मौके पर ब्रांड राजस्थानी व्हीस्की के 1360 कार्टन में 65 हजार 280 पव्वे बरामद हुए। उक्त शराब की अनुमानित कीमत 60 लाख रूपए आंकी गई है। उक्त कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी बारां देवेन्द्र गिरी, जिला आबकारी अधिकारी कोटा विवेक शर्मा, सहायक आबकारी अधिकारी, नारायण सिंह तोमर के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक चेतन, प्रदीप मीणा, पीओ प्रमोद सिंह, हंसराज मीणा, पृथ्वीराज सिंह मीणा मय जाप्ता शामिल रहे।
जीरो टाॅलरेंस की नीति
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने प्रदेश में अवैध शराब की तस्करी पर रोक के लिए समस्त अधिकारियों को जीरो टाॅलरेंस की नीति अपनाते हुए सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने बीते दिनों विशेष निरोधात्मक अभियान की समीक्षा वीसी में कहा कि जिन जिलों में अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्रवाई नही हुई है वहां अभियान को जारी रखा जाएगा। प्रदेश में अन्य राज्य की अवैध शराब की तस्करी, निर्माण, विक्रय पर प्रभावी अंकुश के लिए सजगता से कार्य नही करने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।