वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026: जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में जैसलमेर तैयार

( 404 बार पढ़ी गयी)
Published on : 19 May, 26 16:05

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026:  जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में जैसलमेर तैयार

             जैसलमेर । राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से आगामी 25 मई से प्रदेशभर में “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026” का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन एवं जिलेभर में प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

          बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनभागीदारी का विषय है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन हो तथा उसकी मॉनिटरिंग मोबाइल ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से नियमित रूप से की जाए।

         मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी ने निर्देश दिए कि अभियान में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों, स्कूल-कॉलेजों, स्काउट-गाइड, पुलिस, अर्धसैनिक बलों, महिला समूहों, युवाओं तथा ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि जल संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित हो सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान को नवाचारों एवं स्थानीय सहभागिता के साथ संचालित करते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।

         बैठक में जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता कौशल पालीवाल ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह अभियान 25 मई से प्रारंभ होकर 5 जून 2026 विश्व पर्यावरण दिवस तक संचालित होगा। अभियान के दौरान जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में लगभग 23 विभागों की सहभागिता रहेगी तथा विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में संचालित जल एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को अभियान से जोड़ा जाएगा। उपखंड स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी अभियान के नोडल अधिकारी होंगे।

        उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर में जल एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें जल संरक्षण विषयक प्रदर्शनियां एवं विचार संगोष्ठियां, पीपल पूजन एवं पौधरोपण, तालाबों एवं जल स्रोतों की  सफाई, नालों से गाद निकालना, चारागाहों का चिन्हीकरण, जल रिचार्ज तकनीकों का प्रचार-प्रसार, सड़क किनारे एवं ओरण क्षेत्रों में वृक्षारोपण, सोख्ता गड्ढों का निर्माण, “जल सेवा” अभियान, प्रभात फेरियां, “नो प्लास्टिक डे”, बीज बैंक गतिविधियां, घास बुवाई, किसान चौपाल, लघु सिंचाई योजनाओं का प्रचार-प्रसार, पौध वितरण तथा “जल गौरव सम्मान” जैसे कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

          अभियान के दौरान गैर सरकारी संस्थाओं, धर्मगुरुओं, व्यापारिक संगठनों, पर्यावरणविदों, प्रोफेशनल्स, जनप्रतिनिधियों एवं शैक्षणिक संस्थानों को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा। विभिन्न स्तरों पर आयोजित विचार संगोष्ठियों एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा, ताकि जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के कार्यों को और अधिक गति मिल सके।

         उल्लेखनीय है कि “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026” के तहत जल शक्ति अभियान, कर्मभूमि से मातृभूमि, हरियालो राजस्थान, “एक पेड़ मां के नाम”, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान एवं स्वच्छ भारत मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं एवं अभियानों को भी समाहित किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण को व्यवहारिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की मजबूत नींव तैयार करना है।

        इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी सक्षम गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेवंतदान, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक जे.आर. भाखर, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. उमेश वर्गटीवार, निदेशक उपनिदेशक महिला अधिकारिता अशोक कुमार गोयल, वरिष्ठ भूजल वैज्ञानिक डॉ. नारायण दास इणखिया, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, वन विभाग के एसीएफ डॉ. भंवर लाल चौधरी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.