राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर देहात कांग्रेस ने किया स्मरण

( 1167 बार पढ़ी गयी)
Published on : 21 May, 26 11:05

आवास, बिजली और अन्न योजनाओं की सोच राजीव गांधी की देन : लक्ष्मीनारायण पंड्या

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर देहात कांग्रेस ने किया स्मरण

उदयपुर, पूर्व प्रधानमंत्री एवं “भारत रत्न” स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को सूरजपोल स्थित देहात जिला कांग्रेस कार्यालय में उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत का दूरदर्शी नेता बताया।

देहात जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी दिनेश औदिच्य ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत स्व. राजीव गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके राजनीतिक, सामाजिक और तकनीकी योगदान पर प्रकाश डाला।

पूर्व उप जिला प्रमुख लक्ष्मीनारायण पंड्या ने कहा कि राजीव गांधी युवा भारत के स्वप्नदृष्टा थे और देश के नवनिर्माण में उनका योगदान अमिट है। उन्होंने मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने जैसे ऐतिहासिक निर्णय लेकर युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ा। पंड्या ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर ग्राम सभाओं को वित्तीय अधिकार देने का श्रेय भी राजीव गांधी को जाता है, जिससे गांवों के विकास को नई दिशा मिली।

उन्होंने कहा कि स्व. राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच के कारण ही गरीबों के लिए पक्के आवास, हर घर बिजली और अन्न जैसी योजनाओं की नींव पड़ी, जो आज विभिन्न सरकारी योजनाओं के रूप में धरातल पर दिखाई दे रही हैं।

देहात जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. कल्याण सिंह राव ने कहा कि जिस समय राजीव गांधी देश में सूचना एवं संचार क्रांति की बात करते थे, उस समय उनके विचारों का विरोध किया जाता था, लेकिन आज पूरा विश्व उन्हें सूचना एवं संचार क्रांति के जनक के रूप में याद करता है। उन्होंने कहा कि देश में सूचना, संचार एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जो प्रगति हुई है, उसके पीछे राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच रही है।

गोष्ठी में डॉ. कौशल नागदा, जमनालाल शर्मा, डॉ. संजीव राजपुरोहित, मोडीराम प्रजापत, ओमप्रकाश गमेती, रतनलाल पूर्बिया, अजीज खान पठान, राजेश मेनारिया, प्रवीण सालवी, रोशन गौड़, शंकरलाल मीणा, जग्गूराम मीणा, लक्ष्मीलाल सोनी, इस्तियाक चंचल, गोपाल सरपटा, नरेंद्र सिंह गुहिल, सुरेश तराठी एवं हेमंत मेघवाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजीव राजपुरोहित ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कौशल नागदा ने दिया। गोष्ठी के बाद उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त होने पर प्रवीण सालवी का सम्मान भी किया गया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.