जैसलमेर । राज्य पक्षी गोडावण के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जैव विविधता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को जैसलमेर स्थित उत्कर्ष जैन भवन में गोडावण दिवस उत्साह, जागरूकता एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर प्रदेश सरकार द्वारा गोडावण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
वन राज्य मंत्री श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्थान के राज्य पक्षी गोडावण (ग्रेट इंडियन बस्टर्ड) के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रभावी एवं दूरगामी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गोडावण केवल एक पक्षी नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध जैव विविधता, प्राकृतिक धरोहर एवं मरुस्थलीय पारिस्थितिकी का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसके संरक्षण के लिए सरकार वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आधुनिक तकनीक एवं जनसहभागिता के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा संचालित गोडावण ब्रीडिंग सेंटर सम व रामदेवरा संरक्षण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन केंद्रों के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से सामने आने लगे हैं। गोडावण की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है तथा उनकी प्रजनन क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस दुर्लभ पक्षी को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वन राज्य मंत्री ने आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण एवं वन्यजीव सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता से ही गोडावण संरक्षण अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जैसलमेर विधायक श्री छोटूसिंह भाटी ने कहा कि गोडावण राजस्थान की पहचान, गौरव एवं मरुस्थलीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। इसके संरक्षण के लिए राज्य सरकार सुरक्षित आवास, आधुनिक प्रबंधन एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गोडावण संरक्षण प्रजनन केंद्रों के माध्यम से इस दुर्लभ पक्षी की संख्या में वृद्धि होना अत्यंत सकारात्मक संकेत है।
गोडावण दिवस के अवसर पर विद्यालयों में आयोजित भाषण, निबंध, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को वन राज्य मंत्री श्री शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं गोडावण बचाने का संदेश देते हुए उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। साथ ही वन मंत्री ने विभागीय कार्मिकों को मोटरसाईकिल की प्रतिकात्मक चाबी एवं आरओ तथा विद्यालयों को पंखा/दरी/बोतल/बैग वितरित किये।
कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन) पीके उपाध्याय, अतिरिक्त मुख्य वनसंरक्षक के.सीए अरूण प्रसाद, डीएफओ कुमार शुभम, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा, आईदान सिंह भाटी, अरूण पुरोहित, स्वरूप सिंह वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, पर्यावरण प्रेमी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान गोडावण संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जैव विविधता संरक्षण को लेकर सामूहिक संकल्प भी व्यक्त किया गया।