उदयपुर। राजस्थान कृषि महाविद्यालय के जेसी बॉस छात्रावास में आयोजित “जे.सी. बोस वॉलीबॉल लीग (JVL)–6” का आज उत्साह, खेल भावना एवं उमंग के साथ भव्य समापन हुआ। 18 मई से 22 मई 2026 तक आयोजित इस बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता में छात्रावास की विभिन्न टीमों के विद्यार्थियों ने जोश, अनुशासन एवं उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर उत्साहवर्धन प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि “खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी मंच हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी सक्रिय सहभागिता करनी चाहिए।”
विशेष आकर्षण के रूप में कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने छात्रावास के विद्यार्थियों के साथ बैठकर सहभोज किया तथा उनसे आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए छात्र हितों, छात्रावास सुविधाओं एवं शैक्षणिक वातावरण से जुड़े विषयों पर चर्चा की। कुलगुरु की इस आत्मीय पहल ने विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं अपनत्व का माहौल बनाया।
इस अवसर पर राजस्थान कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. मनोज कुमार महला ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन विद्यार्थियों में टीम भावना, आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं समन्वय क्षमता विकसित करते हैं तथा उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य छात्रावास आधिकारी डॉ. हरी सिंह, हॉस्टल वार्डन डॉ. गिरधारी लाल मीणा एवं सहायक हॉस्टल वार्डन श्री राम नारायण कुम्हार , हॉस्टल केयर टेकर जमना शंकर मीणा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में आर्यन यादव, हर्षवर्धन सिंह, विष्णु गुर्जर, मनु यादव, गोविन्द मीणा एवं जय प्रकाश निठारवाल सहित छात्रावास के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय समर्पण, नेतृत्व क्षमता एवं संगठनात्मक कौशल का परिचय दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही तथा सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का मंच संचालन आसाराम डूडी एवं दिनेश कुमार गुर्जर द्वारा अत्यंत प्रभावशाली, सुसंगठित एवं गरिमामय ढंग से किया गया, जिसकी उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा मुक्त कंठ से सराहना की गई।
“जे.सी. बोस वॉलीबॉल लीग (JVL)–6” का यह सफल आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि छात्रावास में खेल संस्कृति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सौहार्द एवं छात्र–प्रशासन संवाद को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला प्रेरणादायी मंच सिद्ध हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, टीम भावना एवं सकारात्मक छात्र जीवन का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।