उदयपुर। सनातन पाठशाला समिति, उदयपुर द्वारा तारा संस्थान द्वारा सेक्टर 14 में संचालित श्रीमती कृष्णा शर्मा आनंद वृद्धाश्रम में सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर का विशेष सत्र बुजुर्गों के बीच हवन, ध्यान और भजन के साथ शनिवार को आयोजित हुआ। समिति संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि इस विशेष में वरिष्ठजन के साथ बातचीत, उनकी सेवा करना, उनके अनुभवों को सुनना सभी प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रेरक, सुखद और बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने वाला रहा। अपना घर आश्रम उदयपुर के अध्यक्ष गोपाल कनेरिया ने बुजुर्गों की सेवा विषय पर प्रेरक प्रसंग सुनाए। एडवोकेट मधु नागदा ने अपने घर के बुजुर्गों दादा-दादी, नाना-नानी आदि की सेवा करने और उन्हें प्रसन्न रखने संकल्प दिलवाया। आचार्य त्रिभुवन व्यास, त्रयांश व्यास और वैदिक नागदा भजन, कीर्तन और हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। पण्डित भूपेंद्र शर्मा के पुरोहित्य में यज्ञ में वृद्धाश्रम और पाठशाला के सभी सदस्यों ने वैदिक मंत्रों से आहुतियां दीं। योगाचार्य प्रीतम सिंह चुंडावत ने प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया। बाल संस्कार शिविर के संयोजक नवनीत भट्ट ने आभार ज्ञापित किया। सर्व कल्याण मंत्र और जय घोष के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। पाइन वर्ल्ड स्कूल, सेक्टर 5 में चल रही सात दिवसीय बाल संस्कार शाला का समापन रविवार को सायं 5 बजे प्रशिक्षणार्थियों की प्रतिभा प्रदर्शन, प्रमाण पत्र और पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न होगा। यह जानकारी मीडिया प्रभारी जिग्नेश शर्मा द्वारा दी गई।