जुलाई-अगस्त में प्रस्तावित भर्ती आयोजन को लेकर प्रशासन सक्रिय, विभिन्न विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां

( 472 बार पढ़ी गयी)
Published on : 25 May, 26 17:05

जुलाई-अगस्त में प्रस्तावित भर्ती आयोजन को लेकर प्रशासन सक्रिय, विभिन्न विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां

उदयपुर। शहर के महाराणा प्रताप खेलगांव मैदान में  जुलाई-अगस्त माह में प्रस्तावित सेना भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भर्ती रैली के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के उद्देश्य से सोमवार को जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत मंथन किया गया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में कलेक्टर अग्रवाल ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान एआरओ कोटा के अधिकारियों ने प्रस्तावित सेना भर्ती रैली की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए भर्ती प्रक्रिया, संभावित अभ्यर्थियों की संख्या तथा आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भर्ती रैली में बड़ी संख्या में युवाओं के भाग लेने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूर्व तैयारी के साथ सुनिश्चित करना आवश्यक होगा।

मैदान से लेकर चिकित्सा तक व्यवस्थाओं पर फोकस

बैठक में भर्ती रैली के आयोजन स्थल, मैदान की तैयारियों, अभ्यर्थियों के ठहराव, पेयजल उपलब्धता, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य सामान्य व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार समीक्षा की गई। जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों को उनके दायित्व सौंपते हुए समयबद्ध कार्य योजना के अनुसार तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सेना भर्ती जैसे बड़े आयोजन में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, गिर्वा एसडीएम अवुला साइकृष्ण, प्रशिक्षु आईएएस मणिमाला एन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित तैयारियों एवं आवश्यक कार्यों की जानकारी भी साझा की।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.