जम्मू मंडल की मुस्तैदी और ईमानदारी

( 9517 बार पढ़ी गयी)
Published on : 25 May, 26 19:05

दो अलग-अलग मामलों में यात्रियों का कीमती सामान और बैग सुरक्षित लौटाया

जम्मू मंडल की मुस्तैदी और ईमानदारी

जम्मू। जम्मू मंडल के चेकिंग स्टाफ ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी, ईमानदारी और उत्कृष्ट सेवा भावना का परिचय दिया है। रेलवे स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ट्रेनों में छूटे यात्रियों के कीमती सामान, जिसमें नकदी, वॉलेट और एक एप्पल आईपैड शामिल है, को सुरक्षित बरामद कर यात्रियों तक पहुँचाया।
जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि पहले मामले के तहत 22 मई 2026 को यात्री श्री पंकज अपने परिवार के साथ ट्रेन संख्या 26404 के कोच सी5 सीट संख्या 55, 56 और 57 में यात्रा कर रहे थे। श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर उतरते समय वे अपना बैग ट्रेन में ही भूल गए। जिसकी सूचना यात्री ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर टिकट निरीक्षक कार्यालय में दी, जिसके बाद वंदे भारत ट्रेन के टिकट चेकिंग स्टाफ को मामले से अवगत कराया गया। चेकिंग स्टाफ ने ट्रेन में यात्री का बैग छानबीन कर, अगले स्टेशन जम्मू में टिकट निरीक्षक कार्यालय में यात्री का बैग श्री अब्दुल रशीद को सुपुर्द किया। जिसकी सूचना यात्री को दी गई, यात्री अपने बैग मिलने की खबर सुनते ही रेलवे तथा टिकट चेकिंग स्टाफ का आभार व्यक्त किया। बैग में यात्री का कीमती सामान व कुछ नगदी थी।
उन्होंने कहा कि वहीं दूसरी घटना के तहत 23 मई 2026 को एक परिवार ट्रेन संख्या 22430 के कोच सी1 सीट संख्या 6 और 7 में बटाला से सरहिंद के लिए यात्रा कर रहा था। सरहिंद स्टेशन पर उतरते समय उनके बच्चे का एप्पल आईपैड गलती से ट्रेन में ही छूट गया।
यह आईपैड ट्रेन के कंडक्टर श्री अमरजीत सिंह (सीटीआई पठानकोट) को मिला, जो एक अंतरराष्ट्रीय एथलीट भी हैं। अपनी जिम्मेदारी और ईमानदारी का परिचय देते हुए, श्री अमरजीत सिंह ने तुरंत यात्री परिवार से संपर्क साधा। इसके बाद 24 मई 2026 को उन्होंने बटाला में यात्री के रिश्तेदारों से मुलाकात कर आईपैड को पूरी तरह सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए पीड़ित परिवार ने श्री अमरजीत सिंह और भारतीय रेल का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
दोनों घटनाएं जो रेलवे तथा यात्रियों के भरोसे को मजबूत करती हैं, पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री उचित सिंघल ने कहा कि उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल यात्री सुरक्षा, संरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। रेलकर्मियों के ऐसे कार्य यात्री सेवा के प्रति उनकी निष्ठा और ईमानदारी को दर्शाते हैं।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.