राष्ट्रीय राजमार्गों की सीमा में चिन्हित अतिक्रमण हटाने पर जोर

( 468 बार पढ़ी गयी)
Published on : 27 May, 26 18:05

राष्ट्रीय राजमार्गों की सीमा में चिन्हित अतिक्रमण हटाने पर जोर

उदयपुर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता तथा जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ अमृता दुहन की उपस्थिति में हुई।

बैठक में जिला कलक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिन राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिन्हित अतिक्रमणों पर चर्चा की। इसमें बताया कि एनएचएआई के अधिन सड़कों पर 370 तथा पीडब्ल्यूडी एनएच के अंतर्गत 67 चिन्हित अतिक्रमण हटाना शेष हैं। जिला कलक्टर ने तहसील वार चिन्हित और बकाया अतिक्रमणों की लोकेशन वाइज जानकारी लेते हुए उन्हें जल्द से जल्द हटवाने के निर्देश दिए। इसके लिए एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए उक्त कार्य की हर सप्ताह समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थलों में यदि कोई धार्मिक स्थल हो तो राजस्थान विधानसभा की ओर से पारित एक्ट के प्रावधानों के अनुसार विधिवत् उसे स्थानांतरित कराया जाए। जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ दुहन ने अतिक्रमण हटवाने के लिए अपेक्षित पुलिस जाब्ता अविलंब उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया।

बैठक में आईराइड के माध्यम से चिन्हित ब्लेक स्पाॅट पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इन स्थलों पर इस वर्ष तथा पिछले दो वर्षों में हुई दुर्घटनाओं और मौतों के बारे में चर्चा करते हुए संबंधित स्थलों पर आवश्यक रोड़ इंजीनियरिंग के लिए सख्त निर्देश दिए। एसपी डाॅ दुहन ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर पूर्व मंे दिए निर्देशों के बावजूद लेन ड्राईविंग होर्डिंग्स, साइनेज आदि नहीं लगाए जाने पर एनएचएआई के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। जिला कलक्टर ने निर्देशों की यथाशीघ्र पालना सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में देबारी से काया के मध्य अवैध पार्किंग पर सख्त से सख्त कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा शहर में चिन्हित स्थलों पर प्राथमिकता वाले स्थलों की सूची पुलिस से प्राप्त पेन्सिल डिवाइडर लगाने के कार्य जल्द शुरू कराने तथा उसका भौतिक सत्यापन पुलिस विभाग से कराने की भी हिदायत दी गई।

बैठक में गिर्वा एसडीएम अवुला साईकृष्ण, गोगुन्दा एसडीएम शुभम् भैसारे, प्रशिक्षु आईएएस मणिमाला एन, एडीएम सिटी जितेंद ओझा, समिति के सदस्य सचिव पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता अभिनंदन जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.