31 सेंटीमीटर की गांठ, पूरे पेट में फैला संक्रमण — गीतांजली हॉस्पिटल में जटिल ऑपरेशन सफल

( 919 बार पढ़ी गयी)
Published on : 28 May, 26 17:05

31 सेंटीमीटर की गांठ, पूरे पेट में फैला संक्रमण — गीतांजली हॉस्पिटल में जटिल ऑपरेशन सफल

गीतांजली हॉस्पिटल के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग में एक 21 वर्षीय युवती की सफलतापूर्वक अत्यंत चुनौतीपूर्ण सर्जरी की गई। जालोर निवासी इस युवती के लीवर में दो विशाल हाइडेटिड सिस्ट पाए गए, जिनमें से एक लगभग 31 सेंटीमीटर की थी, जो लीवर से लेकर पूरे पेट और पेल्विस तक फैली हुई थी। दूसरी गांठ लगभग 13 सेंटीमीटर की थी।

हाइडेटिड सिस्ट लीवर में होने वाला एक विशेष प्रकार का संक्रमण है, जो एकाइनोकोकस ग्रैनुलोसस नामक परजीवी के कारण होता है। सामान्यतः यह बीमारी दवाइयों से नियंत्रित हो जाती है, लेकिन इस मरीज में संक्रमण असामान्य रूप से इतना अधिक बढ़ चुका था कि पूरी पेट की संरचना प्रभावित हो रही थी।

मरीज का पहले भी बाहर ऑपरेशन हो चुका था, लेकिन बीमारी दोबारा हो गई। धीरे-धीरे यह गांठ इतनी बड़ी हो गई कि मरीज को लगातार पेट दर्द, उल्टियां, कमजोरी, पेट में सूजन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। गांठ दाहिनी किडनी, यूरेटर और बड़ी आंत को दबा रही थी तथा लीवर की पित्त नलियों से भी जुड़ी हुई थी।

मरीज गीतांजली हॉस्पिटल में वरिष्ठ गैस्ट्रो एवं लीवर सर्जन डॉ. हेमंत जैन के पास पहुंची। विस्तृत जांच और सीटी स्कैन के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।

यह सर्जरी कई कारणों से बेहद कठिन थी। ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, पित्त रिसाव, गंभीर संक्रमण तथा यूरेटर, बड़ी आंत और लीवर को नुकसान पहुंचने का खतरा था। इतनी विशाल गांठ को सुरक्षित तरीके से निकालना तकनीकी रूप से भी बड़ी चुनौती थी।

इन सभी जोखिमों के बावजूद पूरी योजना, सावधानी और विशेषज्ञ टीमवर्क के साथ ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। दोनों गांठों को पूरी तरह निकाला गया और मरीज अब स्वस्थ है।

इस जटिल सर्जरी में वरिष्ठ गैस्ट्रो सर्जन डॉ. हेमंत जैन के साथ डॉ. मीत पटेल, डॉ. मनन पटेल एवं डॉ नीरज का सहयोग रहा। एनेस्थीसिया टीम से डॉ. अनुश, डॉ. यशवंत एवं डॉ. भाविक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ओटी स्टाफ में हेमंत गर्ग, जितेंद्र, किशन एवं अरविंद का विशेष सहयोग रहा।

 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.