जल के बिना कल की परिकल्पना अधूरी - श्री बाबूलाल खराड़ी

( 841 बार पढ़ी गयी)
Published on : 30 May, 26 16:05

सालू खेड़ा गांव में जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम, पौधरोपण

जल के बिना कल की परिकल्पना अधूरी - श्री बाबूलाल खराड़ी

उदयपुर। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 के तहत शनिवार को पंचायत समिति झाड़ोल की ग्राम पंचायत ब्राह्मणों का खेरवाड़ा के सालू खेड़ा गांव में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी के मुख्य आतिथ्य में जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री श्री खराड़ी ने कहा कि जल के बिना कल की परिकल्पना अधूरी है। जल है तो ही कल है। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने उदयपुर को कई सौगातें दी हैं। यहां वर्षा भी अच्छी होती है। पुरखों ने वर्षा जल को बचाने के लिए कई काम किए। आवश्यकता है उनके कार्यों को आगे बढ़ाने की। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान से जुड़ कर जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। केबिनेट मंत्री ने ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान केबिनेट मंत्री सहित अन्य अतिथियों ने पौधारोपण भी किया।

जल स्वावलंबन कार्यों का अवलोकन
मंत्री श्री खराड़ी ने जलग्रहण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान (एमजेएसए) के अंतर्गत कराए गए विभिन्न विकास एवं जल संरक्षण कार्यों का अवलोकन भी किया। उन्होंने जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी कपिल कोठारी, विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह, तहसीलदार सीता राम, जलग्रहण विभाग के अधिशासी अभियंता नितिन सुराणा, सहायक अभियंता अशीना तिवारी, समाजसेवी भंवर सिंह पंवार, शंकर लाल गाडरी, संजय मेहता आदि उपस्थित रहे।
इसी प्रकार पंचायत समिति ऋषभदेव में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान प्रथम चरण में हुए 69 कार्य एवं द्वितीय चरण में पूर्ण हुए 115 कार्यों का अवलोकन किया । इस दौरान ग्राम वासियों एवं उपस्थित लोगों को जल संरक्षण हेतु प्रोत्साहित कर शपथ प्रदान करवाई। इस अवसर पर जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग उदयपुर के अधीक्षण अभियंता अनिल सनाढ्य, सहायक अभियंता ऋषभदेव सुरेश परमार, कनिष्ठ अभियंता सूरज मेनारिया तथा स्टाफ एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.