उदयपुर। रोटरी क्लब अशोका, बीइंग मानव और मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 1 जून से 7 जून तक निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक अशोका पैलेस स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल में आयोजित होगा। सात दिवसीय इस शिविर में आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, योग, ध्यान एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रोटरी क्लब अशोका के प्रेसिडेंट रोटेरियन राहुल माखिजा ने बताया कि समाज के सभी वर्गों के लिए आयोजित यह शिविर पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और इसमें विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रोटरी क्लब अशोका के फाउंडर अध्यक्ष रोटेरियन मुकेश माधवानी ने बताया कि 1 जून से 3 जून तक प्रसिद्ध प्रशिक्षक एवं पहलवान गोपीशंकर करोसिया द्वारा आत्मरक्षा एवं तलवार प्रशिक्षण दिया जाएगा। 4 जून को आयोजित स्वास्थ्य कार्यक्रम में डॉ. जितेन्द्र मेघवाल एवं उनकी टीम आयुर्वेदिक जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान करेगी। 5 जून को डॉ. मीनाक्षी पालीवाल एवं डॉ. किरण पालीवाल के मार्गदर्शन में योग एवं व्यायाम सत्र आयोजित होगा, जिसमें स्वस्थ जीवनशैली और नियमित योग के महत्व पर जानकारी दी जाएगी।
शिविर इंचार्ज राजश्री सिसोदिया ने बताया कि 6 जून को विशेष मेडिटेशन (ध्यान) सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन के लिए ध्यान की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं 7 जून को शिविर के समापन अवसर पर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें भजन गायक पंडित सत्यनारायण चौबीसा द्वारा संगीतमय भजन प्रस्तुति दी जाएगी।
मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट की संस्थापिका बसंती वैष्णव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों को आत्मनिर्भर, स्वस्थ और जागरूक बनाना है। उन्होंने शहरवासियों से इस निःशुल्क शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की। आयोजकों के अनुसार शिविर में सहभागिता के लिए सभी इच्छुक नागरिक सादर आमंत्रित हैं।