जम्मू। उत्तर रेलवे के न्यू जम्मू रेल मंडल के कठुआ और माधोपुर, पंजाब के बीच बने रेल पुल संख्या 17 का जीर्णाेद्धार कार्य पूरा हो गया है। 30 मई को कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी, उत्तर रेलवे श्री दिनेश चंद देशवाल ने पुल का निरीक्षण और गति परीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक जम्मू श्री विवेक कुमार और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
श्री देशवाल ने अपने निरीक्षण के बाद ट्रेन संचालन को मंजूरी दे दी है, जल्द ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
जम्मू मंडल के जन संपर्क निरीक्षक श्री राघवेंद्र सिंह द्वारा पिछले साल 2025 में भारी बारिश और बाढ़ के कारण रावी नदी का पानी बहुत बढ़ गया था। तेज बहाव की वजह से इस पुल का एक पिलर क्षतिग्रस्त हो गया था। सुरक्षा के कारणों से ट्रेनों के परिचालन को रोक दिया गया था। बाढ़ के बाद रेलवे ने तुरंत काम शुरू किया। क्षतिग्रस्त पिलर को नई मजबूत नींव के साथ दोबारा बनाया गया। गार्डर, डेक स्लैब और ट्रैक को भी बदला गया। पुल के मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद सीआरएस ने पुल की मजबूती, ट्रैक की लेवल और बाढ़ सुरक्षा के सभी बिंदुओं की जांच की। अलग-अलग गति पर इंजन चलाकर पुल का टेस्ट भी किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री विवेक कुमार ने कहा कि टीम ने मुश्किल हालात में बहुत कम समय में पुल को ठीक किया है। सीआरएस की मंजूरी के बाद इस रूट पर ट्रेनें सामान्य गति से चलेंगी। यह पुल पठानकोट-जम्मू-श्रीनगर रेल मार्ग का अहम हिस्सा है। इसके खुलने से़ जम्मू-कश्मीर आने-जाने वाले यात्रियों औऱ मालगाड़ियों को सीधा फायदा होगा। कटरा और जम्मू जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। इस पुल की बहाली से ट्रेनों का संचालन समय पर होगा, साथ ही अमरनाथ यात्रा व ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विशेष ट्रेनों के संचालन में आसानी होगी।
जून महीने से बंद पड़ी कई ट्रेनें फिर से शुरू होंगी, जिनमें 12207/12208, 14611/14612, 19107/19108, 22705/22706, 12549/12550, 19415/19416, 20847/20848 तथा 20985/20986 शामिल है। 15 जून से चलेगी अन्य ट्रेन जिसमें 12265, 14503/14504, 22401/22402, 22431/22432 तथा 22431/22432 शामिल है एवं 15 जून से चलेगी शार्ट टर्मिनेटेड ट्रेनें जिसमें 19223/19224 व 20433/20434 शामिल है।
बॉक्स न्यूज
जेडआरयूसीसी के पूर्व सदस्य भीम शर्मा के अनुसार उक्त पुल का नुकसान होने के कारण इस क्षेत्र से माता वैष्णो देवी के दर्शनार्थ जाने वाले श्रद्धालुओं को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब 15 जून से वाया सूरतगढ़, हनुमानगढ़, संगरिया, बठिंडा जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 19223/19224 साबरमती-जम्मूतवी-साबरमती एक्सप्रेस जो कि जम्मूतवी तक जाने लगेगी। लंबे समय से यह ट्रेन फिरोजपुर से जम्मूतवी के बीच आंशिक रद्द चल रही थी। इसके अलावा बंद पड़ी इसी इलाके से गुजरने वाली गाड़ी संख्या 19107/19108 भावनगर टर्मिनस-कैप्टन तुषार महाजन-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक जन्मभूमि एक्सप्रेस का संचालन भी 7 जून से पुनः शुरू हो रहा है।
जम्मू मंडल यात्रियों की सुरक्षा और रेल सेवा को लगातार बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।