आर्यजगत का प्रमुख गुरुकुल ‘श्री मद्दयानन्द आर्ष ज्योतिर्मठ गुरुकुल’ अपना 26 वां वार्षिकोत्सव आगामी शुक्रवार, शनिवार तथा रविवार तदनुसार दिनांक 5, 6 एवं 7 जून, 2026 को सोल्लास आयोजित कर रहा है। यह एक ऐसा गुरुकुल है जिसका वार्षिकोत्सव आर्यसमाज के बड़े बड़े आयोजनों के समान ऋषि दयानन्द के अनुयायियों एवं वैदिक धर्म प्रेमियों के लिये अत्यन्त आनन्द देने वाला होता है। इसका कारण यहां ऋषिभक्तों को आर्यजगत के शीर्ष विद्वानों व उत्तम वक्ताओं के दर्शन होते हैं एवं उनके ज्ञान एवं अनुभव पर आधारित उपदेशों वा व्याख्यानों को सुनने का अवसर मिलता है। उत्सव में उच्च कोटि के भजनोपदेशक भी पधारते हैं। ध्वजारोहण का कार्यक्रम भी दर्शकों को आह्लादित करता है। इस वर्ष वार्षिकोत्सव में श्रोताओं को वेद और विज्ञान, भारत में बढ़ता पाखण्डवाद, वैदिक समाजवाद, धर्म का सत्यस्वरूप आदि विषयों पर विद्वानों के व्याख्यान सुनने को मिलेंगे। इसके साथ ही तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव में गुरुकुल सम्मेलन एवं व्यायाम सम्मेलन भी आयोजित किये जा रहे हैं। उत्सव के तीनों दिन सामवेद पारायण यज्ञ का लाभ भी आगन्तुक ऋषिभक्तों को प्राप्त होगा। अन्य विषयों पर भी विद्वानों के उपदेशों के श्रवण का लाभ श्रोताओं को मिलेगा। इस वर्ष आमंत्रित विद्वानों में स्वामी चित्तेश्वरानन्द सरस्वती, स्वामी देवव्रत सरस्वती, स्वामी ओमानन्द, डा रघुवीर वेदालंकार, डा. ज्वलन्त कुमार शास्त्री, डा. वेदपाल जी, प्रसिद्ध ऋषिभक्त नेता ठाकुर विक्रम सिंह जी, डा. महेश विद्यालंकार जी, डा. आनन्द कुमार जी, आचार्य योगेन्द्र याज्ञिक, आचार्य यज्ञवीर जी, आचार्या सूर्यादेवी चतुर्वेदा, आचार्य डा. अन्नपूर्णा जी, डा. सुखदा सोलंकी जी, श्री रामपाल शास्त्री, श्री प्रेमप्रकाश शर्मा आदि वक्ता एवं विद्वान प्रमुख हैं। इन सभी विद्वानों के सम्बोधन एवं आशीर्वचन श्रोताओं को प्राप्त होंगे। गुरुकुल पौंधा के संस्थापक स्वामी प्रणवानन्द सरस्वती जी भी उत्सव के तीनों दिन सभी आयोजनों में उपस्थित रहेंगे। भजनोपदेशकों में पं. नरेशदत्त आर्य एवं अन्य भजनोपदेशक भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को लाभान्वित करेंगे। कार्यक्रम का संचालन गुरुकुल के पूर्व स्नातक आचार्य डा. रवीन्द्र कुमार एवं डा. अजीत कुमार जी करेंगे। उत्सव के तीनों दिवसों में आचार्य योगेन्द्र याज्ञिक जी के ब्रह्मत्व में सामवेद पारायण यज्ञ प्रातः 7.00 बजे से 9.30 बजे तक तथा अपरान्ह 3.30 बजे से सायं 5.00 बजे तक आयोजित हुआ करेगा।
सभी आयोजनों भव्यता एवं सफलता प्रदान करने के लिये गुरुकुल के आचार्य डा. धनंजय आर्य जी विगत काफी समय से प्रयास कर रहे हैं। भव्य पण्डाल लगाया जा रहा है तथा भोजन एवं निवास की भी समुचित व्यवस्थायें की जा रही हैं। गुरुकुल की वार्षिकोत्सव आयोजन समिति ने सभी आर्यों वा ऋषिभक्तों को इष्ट मित्रों के साथ आयोजन में सम्मिलित होने हेतु आमंत्रित किया है। हम आशा करते हैं कि इस वर्ष का वार्षिकोत्सव पूर्व वर्षों की दृष्टि से अधिक भव्य होगा एवं अपूर्व सफलता के साथ सम्पन्न होगा। आगन्तुक व्यक्ति किसी भी जानकारी के लिये गुरुकुल के मोबाइल नम्बर 9411106104, 9411310530, 9079600568, 7017579268 एवं 8810005096 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
हम भी इस अवसर पर गुरुकुल के उत्सव की सफलता की कामना परमात्मा से करते हैं। ओ३म् शम्।
-मनमोहन कुमार आर्य
पताः 196 चुक्खूवाला-2
देहरादून-248001
फोनः09412985121