जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के लिए जनभागीदारी से आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
जैसलमेर । राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के तहत पंचायत समिति मोहनगढ़ की ग्राम पंचायत फूलासर के रामपुरा स्थित चारागाह विकास कार्य क्षेत्र में रविवार को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को समर्पित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल बचाने और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया।
अभियान के तहत बाबा रामदेव मंदिर के समीप महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत निर्मित टांके के आगौर क्षेत्र की साफ-सफाई कर वर्षाजल संचयन संरचनाओं के संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही चारागाह क्षेत्र में पूर्व में लगाए गए पौधों को जनसहभागिता से पानी पिलाकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाई गई। आगामी वर्षा ऋतु में व्यापक पौधारोपण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पौधारोपण हेतु गड्ढे भी खोदे गए।
ज्येष्ठ मास की पुण्य फलदायी पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्रामीण महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए भव्य कलश यात्रा निकाली। वहीं बच्चों एवं युवाओं ने प्रभात फेरी निकालकर गांव में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया गया तथा तुलसी एवं पीपल पूजन कर प्रकृति संरक्षण की भारतीय परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पंचायत समिति मोहनगढ़ के अतिरिक्त विकास अधिकारी हरिराम चौहान ने उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझना आवश्यक है तथा वर्षाजल और नहरी जल का संरक्षण एवं समुचित उपयोग ही भविष्य की जल सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत फूलासर की सरपंच ममता चौहान, बीएफटी प्रेम प्रकाश चौहान, ग्राम विकास अधिकारी रतनसिंह, सांगा राम गोगली, भालूराम, नरसिंगाराम, अशोक कुमार, जेठाराम, घेंवर जयपाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण युवा, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में बाबा रामदेव मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया एवं आमजन को स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।