विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर गीतांजलि डेंटल का 15 दिवसीय जागरूकता अभियान

( 861 बार पढ़ी गयी)
Published on : 03 Jun, 26 16:06

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर गीतांजलि डेंटल का 15 दिवसीय जागरूकता अभियान

उदयपुर। गीतांजलि डेंटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस (31 मई) के उपलक्ष्य में 20 मई से 6 जून तक 15 दिवसीय तंबाकू जागरूकता अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जन में जागरूकता फैलाना तथा तंबाकू मुक्त समाज की स्थापना को बढ़ावा देना है।

जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न फैक्ट्रियों, नशा मुक्ति केंद्रों एवं महाविद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों, विशेष रूप से मुख कैंसर, हृदय रोग एवं श्वसन रोगों के बारे में जानकारी दी गई।

तंबाकू मुक्त परिसर पहल (Tobacco Free Campus Initiative) के अंतर्गत संस्थान परिसर में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया। मरीजों को तंबाकू नियंत्रण एवं तंबाकू त्याग के उपायों के बारे में शिक्षित किया गया और उनसे तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया गया।

इसके अतिरिक्त, उदयपुर की आम जनता तक तंबाकू विरोधी संदेश पहुंचाने हेतु एफएम रेडियो चैनल के माध्यम से विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम भी प्रसारित किए गए, जिनके द्वारा तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों एवं तंबाकू त्याग के लाभों के बारे में व्यापक स्तर पर जानकारी साझा की गई।
अभियान के अंतर्गत संस्थान के सभी फैकल्टी सदस्यों एवं विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु तंबाकू निषेध शपथ दिलाई गई। साथ ही, गीतांजलि डेंटल अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को भी तंबाकू छोड़ने हेतु प्रेरित करते हुए शपथ ग्रहण करवाई गई।

संस्थान के प्राचार्य डॉ. बालाजी मनोहर के मार्गदर्शन में इस अभियान का संचालन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. मृदुला टाक, डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. श्रुति शर्मा एवं डॉ. तरुण माली सहित फैकल्टी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई तथा समाज को तंबाकू मुक्त बनाने का संदेश दिया।

संस्थान द्वारा सभी नागरिकों से स्वस्थ, सुरक्षित एवं तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।

 

--


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.