ओबीसी अधिवेशन में उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना

( 521 बार पढ़ी गयी)
Published on : 03 Jun, 26 18:06

के डी अब्बासी 

ओबीसी अधिवेशन में उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना

कोटा। कोटा शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के जिला स्तरीय अधिवेशन एवं पदभार ग्रहण समारोह में बुधवार को कार्यकर्ताओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। चंद्रसेल रोड स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अनिल जयहिंद ने भाजपा सरकार को "मनुवादी सरकार" बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार गरीबों, पिछड़ों, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्गों के हितों की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है।
गोविंद सिंह डोटासरा ने राजस्थान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में सरकार नहीं बल्कि "सर्कस" चल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और अन्य वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है तथा इनके हितों की अनदेखी नहीं होने देगी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि राहुल गांधी के "जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी" के विचार को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस जातिगत जनगणना की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए सभी वर्गों की वास्तविक संख्या सामने आना आवश्यक है।
पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि लोकतंत्र में पिछड़े वर्गों के सम्मान और विकास को सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने ओबीसी समाज से अपने आत्मसम्मान और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष हरसहाय यादव ने कहा कि यह अधिवेशन ओबीसी वर्ग को नई ऊर्जा देने का कार्य करेगा। वहीं कांग्रेस महासचिव पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि हाड़ौती में कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है और इसका प्रभाव आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारियों और नेताओं ने संबोधित किया। स्वागत भाषण शहर अध्यक्ष दीपक नामदेव एवं देहात अध्यक्ष टीकमचंद सुमन ने दिया। संचालन हेमंत चतुर्वेदी, विकास तंवर और मंजू चौधरी ने किया, जबकि संभागीय अध्यक्ष अशोक नागर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.