केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा शहर जिला उदयपुर में होंगे विभिन्न जनकल्याणकारी एवं संगठनात्मक कार्यक्रम

( 443 बार पढ़ी गयी)
Published on : 04 Jun, 26 18:06

उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी शहर जिला उदयपुर द्वारा प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार जून माह में आयोजित होने वाले विभिन्न संगठनात्मक एवं जनहित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज पटेल सर्कल स्थित जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने की।

बैठक में प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक प्रमोद सामर,उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, जिला महामंत्री देवीलाल सालवी, डॉ.पंकज बोराणा, वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के जिला संयोजक एवं जिला मंत्री श्री अशोक शर्मा सहित सभी 12 मण्डलों के मण्डल अध्यक्ष, महामंत्री एवं प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि 27 मई से 5 जून तक चल रहे ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी दिनों में सभी मण्डलों में सार्वजनिक बावड़ियों, कुओं एवं छोटे जलाशयों की सफाई तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ प्रारंभ किया जाए।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 12 जून तक ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, 22 जून को श्रद्धेय सुंदर सिंह भण्डारी जी की पुण्यतिथि तथा 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के बलिदान दिवस सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाध्यक्ष ने सभी मण्डलों को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह की 7 तारीख तक मण्डल बैठकों का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए, जिसमें प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर बूथ अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तक सभी को सूचना देकर सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी मोर्चों एवं जिला स्तर की बैठकों का आयोजन भी निर्धारित समयानुसार किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम हेतु संयोजक एवं सह-संयोजक नियुक्त कर कार्यक्रमों को भव्य एवं प्रभावी रूप से संपन्न कराया जाए।

उदयपुर शहर विधायक श्री ताराचंद जैन ने कहा कि संगठन के कार्यक्रमों का योजनाबद्ध तरीके से कार्य विभाजन कर क्रियान्वयन किया जाए, जिससे प्रत्येक कार्यकर्ता की सहभागिता सुनिश्चित हो तथा किसी एक व्यक्ति पर कार्य का अतिरिक्त भार न आए।

प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक श्री प्रमोद सामर ने कहा कि जून माह संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस माह 25 जून को आपातकाल की वर्षगांठ, जो भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय है, मनाई जाएगी। इसके साथ ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं सुंदर सिंह भण्डारी जैसे महान राष्ट्रवादी व्यक्तित्वों की पुण्यतिथियां भी इसी माह हैं। उन्होंने विश्व योग दिवस के सफल आयोजन हेतु अभी से जिला एवं मण्डल स्तर पर व्यापक तैयारियां प्रारंभ करने का आह्वान किया।

जिला महामंत्री डॉ. पंकज बोराणा ने सभी मण्डल अध्यक्षों एवं जिला आईटी एवं सोशल मीडिया टीम को हाल ही में आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शत-प्रतिशत सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरल ऐप पर समयबद्ध अपलोडिंग सुनिश्चित कर संगठन को प्रदेश स्तर पर अग्रणी बनाए रखा जा सकता है।

मीडिया प्रभारी डॉ सीमा चंपावत ने बताया कि बैठक में उपस्थित मण्डल अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली, पेयजल एवं सड़क संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा इनके शीघ्र समाधान हेतु सांसद, विधायक, पार्षदों, जिला एवं मण्डल पदाधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया। बैठक में मण्डल अध्यक्ष विजय आहुजा कन्हैया वैष्णव रणजीत दिगपाल अमृत मेनारिया महेशपूरी गोस्वामी मुकेश जोशी मोहन मीणा कमलेश शर्मा मोहन पटेल मण्डल महामंत्री सहित प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री देवीलाल सालवी ने किया तथा अंत में डॉ. पंकज बोराणा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.