रेलवे स्टेशन पर जेबकतरा रंगे हाथ गिरफ्तार

( 795 बार पढ़ी गयी)
Published on : 04 Jun, 26 18:06

आरपीएफ की सतर्कता से यात्री का बटुआ बरामद, आरोपी के खिलाफ छह पुराने आपराधिक मामले दर्ज

रेलवे स्टेशन पर जेबकतरा रंगे हाथ गिरफ्तार

कोटा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सवाई माधोपुर ने सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन पर एक जेबकतरे को रंगे हाथ पकड़कर यात्री का चोरी हुआ सामान बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी छह आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक मनोज कुमार एवं स्टाफ द्वारा सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को यात्री की जेब काटते हुए देखा गया। संदेह होने पर आरपीएफ टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान रमेश बैरवा उर्फ जड्डू, निवासी सवाई माधोपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक भूरे रंग का बटुआ बरामद हुआ, जिसमें नकद राशि, एक बैंक चेक तथा यात्री के पहचान संबंधी दस्तावेज एवं एटीएम कार्ड मिले।
बरामद सामान की पुष्टि संबंधित यात्री द्वारा की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जेब काटने के उद्देश्य से आया था। आईसीजेएस के माध्यम से सत्यापन करने पर उसके विरुद्ध पूर्व में दर्ज छह आपराधिक प्रकरणों की जानकारी भी प्राप्त हुई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के उपरांत आरोपी को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), सवाई माधोपुर के सुपुर्द कर दिया गयाए जहां उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने पर्स, मोबाइल फोन एवं अन्य कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा रेल हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें। आरपीएफ द्वारा स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी एवं सुरक्षा अभियान संचालित किए जा रहे हैं। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.