जैसलमेर । आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर जिला प्रशासन शहर में जलभराव की संभावित समस्याओं को रोकने एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने नगर परिषद क्षेत्र में स्थित विभिन्न बरसाती नालों का निरीक्षण कर सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को मानसून पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर जोरवाल ने नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह एवं नगर परिषद की टीम को निर्देशित किया कि शहर के सभी बरसाती नालों की सफाई निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाए ताकि वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी सुचारु बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बरसात से पूर्व नालों की समुचित सफाई शहर को जलभराव जैसी समस्याओं से बचाने के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
नगर परिषद आयुक्त ने जिला कलक्टर को अवगत कराया कि नगर परिषद क्षेत्र में कुल 13 प्रमुख बरसाती नाले स्थित हैं, जिनकी नियमित रूप से सफाई करवाई जाती है। वर्तमान में मानसून आगमन से पूर्व सभी नालों की व्यापक सफाई का कार्य तीव्र गति से चल रहा है और इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा नालों से गाद, कचरा एवं अन्य अवरोध हटाकर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने शहर के विकास कार्यों की प्रगति का भी अवलोकन किया। उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहे स्थित महाराणा प्रताप मैदान में निर्माणाधीन अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजना का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने एवं गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिला कलक्टर ने डेडानसर स्थित निर्माणाधीन टाउन हॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा परियोजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर आमजन को समर्पित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने वाली इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी एवं शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान श्रीकांत जांगिड़, राजकुमार महतो, सुशील कुमार यादव, चूनाराम चौधरी, नरेशपाल सिंह सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।