केसरिया कलशों से सजेगा शहर, भागवत भक्ति में डूबेगा उदयपुरः कल से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान-यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ

( 655 बार पढ़ी गयी)
Published on : 06 Jun, 26 16:06

केसरिया कलशों से सजेगा शहर, भागवत भक्ति में डूबेगा उदयपुरः कल से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान-यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ

उदयपुर। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर तैलिक साहू समाज पंच महासभा( छः बैठक) उदयपुर अध्यक्ष एडवोकेट हेमेन्द्र पण्डियार ने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान-यज्ञ महोत्सव का 8 जून से 14 जून तक तीज का चैक स्थित महेश्वरी सेवा सदन में आयोजन होगा। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाली कथा में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, धर्म और जीवन मूल्यों का विस्तृत वर्णन किया जाएगा।
इस आध्यात्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को श्री रामद्वारा दिव्य आनंद धाम आश्रम, बड़ी सादड़ी के परम पूज्य संत श्री अनंत राम शास्त्री महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का रसामृत पान करने का अवसर मिलेगा।
कथा संयोजक जगदीश चंद्र पंडियार ने बताया कि कथा महोत्सव का शुभारंभ 8 जून, सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा प्रातः 10 बजे दिल्ली गेट स्थित हनुमानजी मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए महेश्वरी सेवा सदन पहुंचेगी।
कलश यात्रा में बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों के बीच अश्व रथ (बग्गी) में विराजमान पूज्य श्री अनंत राम शास्त्री महाराज श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। यात्रा में सैकड़ों महिलाएं केसरिया वेशभूषा धारण कर सिर पर मंगल कलश लेकर चलेंगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक रंग में रंग जाएगा।
कलश यात्रा के समापन के पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा। आयोजन समिति की ओर ेस आयोजित इस कथा में समाजजनों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ लेंगे।
पुरुषोत्तम मास में आयोजित यह कथा महोत्सव न केवल आध्यात्मिक चेतना का संचार करेगा, बल्कि समाज में धर्म, संस्कृति और संस्कारों के प्रति जागरूकता का भी संदेश देगा। श्रद्धा, भक्ति और ज्ञान के इस महापर्व को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.