बीइंग मानव एवं मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 7 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सेवा शिविर का समापन आज

( 850 बार पढ़ी गयी)
Published on : 06 Jun, 26 18:06

सात दिनों तक आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, योग, ध्यान एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से मिला सर्वांगीण विकास का प्रशिक्षण

बीइंग मानव एवं मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 7 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सेवा शिविर का समापन आज

उदयपुर। रोटरी क्लब उदयपुर अशोका, बीइंग मानव एवं मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 1 जून से आयोजित 7 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सेवा शिविर का समापन आज 7 जून को अशोका पैलेस स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल में होगा। प्रतिदिन आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, योग, ध्यान एवं आध्यात्मिकता का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

रोटरी क्लब अशोका के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि शिविर के प्रथम तीन दिनों में प्रसिद्ध प्रशिक्षक एवं पहलवान गोपीशंकर करोसिया द्वारा आत्मरक्षा एवं तलवार प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं एवं युवाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके, संकट की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा तथा आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय सिखाए गए।

उन्होंने बताया कि चौथे दिन डॉ. जितेन्द्र मेघवाल एवं उनकी टीम द्वारा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली, रोगों की रोकथाम तथा प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व की जानकारी दी गई।

रोटरी क्लब उदयपुर अशोका के प्रेसिडेंट राहुल माखिजा ने बताया कि पांचवें दिन नारी निकेतन में विशेष योग एवं व्यायाम सत्र आयोजित किया गया। डॉ. मीनाक्षी पालीवाल एवं डॉ. किरण पालीवाल ने प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, शारीरिक व्यायाम तथा नियमित योग के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया।

शिविर इंचार्ज राजश्री सिसोदिया ने बताया कि छठे दिन विशेष मेडिटेशन (ध्यान) सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच एवं एकाग्रता बढ़ाने के लिए ध्यान की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया गया। यह सत्र शकुंतला जी के द्वारा लिया गया। प्रतिभागियों ने ध्यान सत्र को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।

मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट की संस्थापिका बसंती वैष्णव ने बताया कि आज सातवें एवं अंतिम दिन समापन समारोह के अवसर पर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक पंडित सत्यनारायण चौबीसा द्वारा संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही शिविर में सहयोग देने वाले प्रशिक्षकों, चिकित्सकों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का सम्मान भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सात दिनों तक चले इस शिविर का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य, आत्मरक्षा, योग, ध्यान एवं आध्यात्मिकता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा, जिसे लोगों का भरपूर सहयोग एवं उत्साह प्राप्त हुआ। शिविर ने प्रतिभागियों को शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से सकारात्मक तथा आध्यात्मिक रूप से जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.