विश्व साइकिल दिवस पर उदयपुर में निकली जागरूकता साइकिल राइड, दिया स्वस्थ एवं हरित भारत का संदेश

( 381 बार पढ़ी गयी)
Published on : 07 Jun, 26 17:06

“स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और सतत विकास की ओर एक सार्थक पहल।”

विश्व साइकिल दिवस पर उदयपुर में निकली जागरूकता साइकिल राइड, दिया स्वस्थ एवं हरित भारत का संदेश

उदयपुर । विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर एग्रीविजन एवं फिट इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को फतेहसागर झील, उदयपुर में भव्य जागरूकता साइकिल राइड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा ईंधन बचत के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

साइकिल राइड में महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने फतेहसागर की पाल पर साइकिल चलाते हुए स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

इस अवसर पर एग्रीविजन के प्रांत प्रमुख डॉ. अमित कुमार ने कहा कि साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी माध्यम है। प्रांत संयोजक अंशुल शर्मा एवं प्रांत सह-संयोजक मनोज शर्मा ने युवाओं से दैनिक जीवन में साइकिल के अधिकाधिक उपयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने “Ride Today, Sustain Tomorrow” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने बताया कि नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है तथा ईंधन की बचत होती है, जिससे सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायता मिलती है।

साइकिल राइड के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। आयोजन ने पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति लोगों को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.