कोटा विकास प्राधिकरण का धीमा काम

( 353 बार पढ़ी गयी)
Published on : 07 Jun, 26 17:06

के डी अब्बासी 

कोटा विकास प्राधिकरण का धीमा काम

कोटा। सोगरिया क्षेत्र स्थित श्री आनंद विहार कॉलोनी में कोटा विकास प्राधिकरण  द्वारा  कराया जा रहा सड़क एवं नाली निर्माण कार्य की धीमी गति से स्थानीय निवासी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू हुए दो माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हो पाया है। 
निवासियों के अनुसार निर्माण के नाम पर जगह-जगह खुदाई कर मलबा सड़क और घरों के बाहर डाल दिया गया है। कई घरों के मुख्य द्वार के सामने बने रैम्प भी तोड़ दिए गए हैं, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना और अंदर जाना मुश्किल हो गया है। स्थिति यह है कि बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे रोजाना परेशानी झेलने को मजबूर हैं। ठेकेदार से भी इस मामले में स्थानीय लोगों में कई बार शिकायत की है लेकिन वह शिकायत की अनसुनी कर रहा है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि सड़कों पर फैले मलबे और अधूरे निर्माण कार्य के कारण आवाजाही बाधित हो रही है। बारिश आने से पहले यदि कार्य पूरा नहीं हुआ तो जलभराव और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करवाने तथा घरों के सामने पड़े मलबे को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को सुविधा देना है, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह कार्य लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित अधिकारियों के समक्ष सामूहिक रूप से अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.