निम्बाहेड़ा। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ की ओर से आगामी 01 से 08 जुलाई तक, अर्थात आषाढ़ कृष्ण प्रतिपदा से अष्टमी तक आयोजित होने वाले अष्टदिवसीय भव्य एवं विशाल 21वें एकविंशति कल्याण महाकुंभ के लिए वेदपीठ की ओर से कल्याणनगरी में घर-घर भावभरा नगर निमंत्रण दिया गया। यह नगर निमंत्रण उस समय सर्वधर्म समभाव का प्रतीक बन गया, जब वेदपीठ से जुड़े वीर-वीरांगनाओं ने कल्याणनगरी के प्रत्येक द्वार पर पहुंचकर पीले चावल और पुष्प भेंट करते हुए कल्याण महाकुंभ के सभी कार्यक्रमों में तन, मन और धन से सहभागिता निभाने का आग्रह किया। इस दौरान समग्र हिंदू समाज की 36 कौम के श्रद्धालुओं ने निमंत्रण सामग्री को मस्तक पर धारण कर सभी कार्यक्रमों में सहभागिता का आत्मीय विश्वास दिलाया। नगरवासियों ने कहा कि कल्याणनगरी का यह आयोजन भव्य, दिव्य और अनूठा है। इसमें उनसे जो भी संभव होगा, वे पूर्ण भागीदारी निभाएंगे। इस दौरान वीर-वीरांगना दल की मातृशक्ति ने घर-घर जाकर नगर निमंत्रण के साथ साम्ब सदाशिव के स्टीकर भी लगवाए। महाकुंभ के निमंत्रण की यह श्रृंखला केवल कल्याणनगरी तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि आसपास के गांवों बाड़ी, बिनोता, जावद और नया गांव सहित कोटा, जोधपुर, भीलवाड़ा एवं चित्तौड़गढ़ तक भी पहुंचाई गई। नगर निमंत्रण के दौरान शहरवासियों ने आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली आध्यात्मिक कल्याण महा पदयात्रा में अधिकाधिक संख्या में भागीदारी का विश्वास भी दिलाया।