उदयपुर पुलिस, आधार फाउंडेशन एवं बीसीआई के संयुक्त तत्वावधान में आज शाम को अशोका ग्रीन में होगी सड़क सुरक्षा हास्य काव्य गोष्ठी

( 452 बार पढ़ी गयी)
Published on : 07 Jun, 26 18:06

सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सड़क सुरक्षा माह का आयोजन

उदयपुर पुलिस, आधार फाउंडेशन एवं बीसीआई के संयुक्त तत्वावधान में आज शाम को अशोका ग्रीन में होगी सड़क सुरक्षा हास्य काव्य गोष्ठी

उदयपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत उदयपुर पुलिस, आधार फाउंडेशन एवं बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष सड़क सुरक्षा हास्य काव्य गोष्ठी का आयोजन 8 जून को शाम 5 बजे से 7 बजे तक 100 फीट रोड, शोभागपुरा स्थित अशोका ग्रीन में किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य हास्य और कविता के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क सुरक्षा के महत्व का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। गोष्ठी में विभिन्न हास्य कवि अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश देंगे और लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करेंगे।

आधार फाउंडेशन से नारायण लाल जाट ने बताया कि इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य हास्य और कविता के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। काव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया जाएगा।

बीसीआई के संस्थापक एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से ख्यातिप्राप्त कवि एवं कवयित्रियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। इनमें मावली जंक्शन के प्रसिद्ध हास्य कवि मनोज गुर्जर, अहमदाबाद की अंतरराष्ट्रीय कवयित्री आयुषि राखेचा तथा हास्य गीतकार लोकेश महाकाली शामिल हैं। उनकी रचनाएं श्रोताओं का मनोरंजन करने के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन का भी संदेश भी देंगी।

आयोजकों ने साहित्य प्रेमियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर सड़क सुरक्षा के इस जनजागरण अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.