उदयपुर। जय महेश प्रगति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित महेश नवमी महोत्सव के प्रथम दिन जामर कोटड़ा रोड स्थित पल्स एकेडमी में सुबह 7 बजे से बैडमिंटन प्रतियोगिता हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी राजेश मुंदड़ा ने की। प्रतियोगिता का उद्घाटन महेश सेवा समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र मालीवाल ने बैडमिंटन कोर्ट पर रैकेट से शटल खेलकर किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी श्यामलाल लाहोटी, कमला नेहरू प्रादेशिक श्रेय प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण केंद्र, अजमेर (राजस्थान) के सेवानिवृत्त अधीक्षक डॉ. बी.एल. असावा तथा वरिष्ठ समाजसेवी भगवानदास मोहता मौजूद रहे।
संस्थान के अध्यक्ष रमेशचंद्र पोरवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव गोपाल लाल ने किया।
युवा संगठन के अध्यक्ष श्याम मोहता ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण 20 जून को अटल सभागार में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या के दौरान किया जाएगा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संजय मालीवाल, दिव्यांशु मालीवाल, लक्षित मुंदड़ा एवं चिन्मय लाहोटी का विशेष सहयोग रहा।