जम्मू। यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों की समयपालन को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल ने एक बार फिर अपनी कार्यक्षमता साबित की है। विभिन्न विभागों के शानदार तालमेल से मंडल ने एक ‘‘अतिरिक्त रेक’’ तैयार कर पिछले काफी समय से विलंब से चल रही पूजा एक्सप्रेस यानी ट्रेन संख्या 12413/12414 की देरी को समाप्त कर दिया है।
देरी का मुख्य कारण
जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि ट्रेन संख्या 12414 दिल्ली मंडल में लगातार ट्रैफिक ब्लॉक और ट्रेन विनियमन के कारण 15 से 20 घंटे तक विलंबित हो रही थी। इस ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव जम्मू में होता है, लेकिन लगातार लेट होने के कारण इसकी समयबद्धता सुधारना एक बड़ी चुनौती बन गई थी। इस विलंब से यात्रियों को भारी असुविधा और रेलवे की छवि पर असर पड़ रहा था।
जम्मू मंडल का नवोन्मेषी समाधान
उन्होंने इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए जम्मू मंडल ने एक व्यावहारिक और त्वरित योजना बनाई, जिसके तहत खाली रेक की पहचान को जम्मू मंडल और मुख्यालय की मदद से विभिन्न कोचों को शामिल कर, पूजा एक्सप्रेस के समानांतर एक रेक तैयार किया गया। कोचों की पूर्ति के अन्तर्गत ट्रेन की आवश्यकता के अनुसार कोचों की व्यवस्था कर उन्हें उपलब्ध कराया गया। अतिरिक्त रेक का निर्माण, सटीक योजना, कुशल शंटिंग और कोचों को जोड़ने-घटाने की प्रक्रिया से एक नया ‘‘अतिरिक्त रेक’’ सफलतापूर्वक तैयार किया गया।
शानदार परिणाम
जम्मू मंडल की इस तत्परता का सीधा लाभ यात्रियों को मिला। अतिरिक्त रेक मिलने के बाद ट्रेन संख्या 12414 रविवार 7 जून 2026 से अपने निर्धारित समय पर संचालित हुई है। इससे यात्रियों की असुविधा पूरी तरह दूर हुई है और परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार आया है।
इस पहल पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री उचित सिंघल ने कहा कि नवाचार, समन्वय और प्रतिबद्धता से किसी भी परिचालन चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। जम्मू मंडल यात्रियों को बेहतरए सुरक्षित और समय पर सेवा देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।