हल्दीघाटी सार्द्ध विजय चतुःशती उत्सव: भूमि पूजन के साथ ही विशाल पाण्डाल निर्माण शुरू

( 784 बार पढ़ी गयी)
Published on : 08 Jun, 26 10:06

हल्दीघाटी सार्द्ध विजय चतुःशती उत्सव: भूमि पूजन के साथ ही विशाल पाण्डाल निर्माण शुरू

—महाराणा प्रताप जयंती व हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती उत्सव  

—17 जून को होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियां जारी

—गांधी ग्राउंड में सांसद ने सपत्नीक किया भूमि पूजन

उदयपुर ।
ॐ वसुंधरायै विद्महे भूतधात्र्यै धीमहि तन्नो भूमिः प्रचोदयात्। पृथ्वी माता को वंदन करने के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि—विधान से सोमवार प्रात: वेला में राष्ट्र चेतना संकल्प सभा के लिए विशाल पाण्डाल का निर्माण गांधी ग्राउण्ड में आरंभ हो गया। प्रताप गौरव केन्द्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' के तत्वावधान में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती व हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती उत्सव के तहत 17 जून को महाराणा भूपाल स्टेडियम गांधी ग्राउण्ड में प्रातः 9.30 बजे होने वाली इस सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे।

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि पंडित योगेश श्रीमाली व पुजारी लक्ष्मण के पौरोहित्य में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत और उनकी पत्नी डॉ. रजनी पी. रावत ने मुख्य यजमान की भूमिका में भूमि पूजन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मूंदड़ा, बड़गांव प्रधान प्रतिभा नागदा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक हेमेन्द्र श्रीमाली, वीर शिरामणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल, उपाध्यक्ष अशोक पुरोहित, सुहास मनोहर, सुभाष भार्गव, मंत्री डॉ. रमन सूद, कार्यकारिणी सदस्य चंद्रगुप्त सिंह चौहान, नरेन्द्र मीणा आदि उपस्थित रहे। भूमि पूजन के साथ ही विशाल पाण्डाल का निर्माण शुरू हो गया।

कार्यक्रम संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि मैदान में तीन विशाल डोम बनाए जाएंगे। अतिथियों के लिए मुख्य मंच के दोनों ओर भी एक—एक अतिरिक्त मंच बनेगा। मंच के सामने सभा में आने वाले आगंतुकों के बैठने के लिए अलग—अलग ब्लॉक बनाए जाएंगे। मैदान में चिकित्सा, जल, साहित्य आदि की स्टाल्स भी लगाई जाएंगी। साथ ही, महाराणा प्रताप के शौर्य के दर्शन कराने वाली चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि महाराणा प्रताप के हल्दीघाटी युद्ध विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। संयोग है कि इस 18 जून को हल्दीघाटी विजय दिवस से ठीक एक दिन पहले ही ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया है और महाराणा प्रताप का जन्म इसी तिथि पर हुआ था। पूरा देश 17 जून को महाराणा प्रताप जयंती मनाएगा। इसी दिन हल्दीघाटी विजय के 450वें वर्ष के तहत प्रताप गौरव केन्द्र के तत्वावधान में चल रहे आयोजनों का समापन भी होगा।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.